
उज्जैन। सरकारी खजाने को बढ़ाने वाले उज्जैन आबकारी विभाग ने बीते 4 महीनों में 218 करोड़ रुपए की कमाई सिर्फ देशी विदेशी शराब बिक्री से की है। चालु वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग को कुल 605 करोड़ राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला हैं। जिसका 36 प्रतिशत राजस्व विभाग अब तक हासिल कर चुका हैं।
आबकारी विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक एक अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 के बीच उज्जैन की 124 शराब दुकानों पर 30 लाख से अधिक देशी विदेशी और बीयर की बोतल बिकी हैं। जिससे विभाग ने 218 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया हैं। वहीं शराब के अवैध निर्माण, बिक्री तथा परिवहन रोकने के लिए विभाग द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। जिला आबकारी विभाग के अधिकारी मुकेश रांधा ने बताया कि उज्जैन आबकारी विभाग इस साल शराब बिक्री के निर्धारित लक्ष्य यानी 605 करोड़ रुपए के टारगेट को आसानी से अचीव कर उससे ज्यादा का रेवेन्यू जनरेट कर लेगा। इसके साथ ही उनका यह भी कहना है कि बीते वर्षों की अपेक्षा शराब की डिमांड बढ़ी है। डिमांड बढऩे पर वैसी ही सप्लाई भी हो रही है।
भांग की खपत भी अच्छी
उज्जैन के बाबा महाकाल और उनके भक्तों को भांग प्रिय होती है। चालू वित्तीय वर्ष में बीते 4 माह में 40 से 50 हजार किलोग्राम भांग की खपत हुई हैं और इससे आबकारी विभाग को 50 लाख़ रुपए से ज्यादा का राजस्व मिला हैं। बता दें कि जिला आबकारी विभाग के पास भांग की बिक्री का कोटा सालाना लगभग दो करोड़ रुपए का है। इसमें से 25 फीसदी राजस्व विभाग अब तक हासिल कर चुका हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved