उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

मक्सी रोड पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर दो भाईयों की जान ली

  • दुकान बंद कर विजयागंज मंडी से लौटते समय भैंसोदा में हुआ हादसा-सूचना के बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए थे

उज्जैन। कल रात 9 बजे मक्सी रोड पर ग्राम भैंसोदा के समीप गंभीर हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाईक सवार दो भाईयों को टक्कर मार दी जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन भाग निकला। सूचना के बाद पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर पहुँच गए थे। दोनों पांड्याखेड़ी के रहने वाले थे और विजयागंज मंडी में दुकान चलाते थे। आज सुबह दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पंवासा थानाप्रभारी गजेन्द्र पचोरिया ने बताया कि पांड्याखेड़ी निवासी रिहान पिता इरशाद खान और उसका भाई फरहान विजयागंज मंडी में सायकल की दुकान चलाते थे और एक ऑटो गैरेज पर काम करता था। कल रात दोनों रोज की तरह दुकान बंद कर मोटरसायकल से घर लौट रहे थे। दोनों जब मक्सीरोड पर ग्राम भैंसोदा के समीप पहुंचे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज गति वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही रिहान और उसके भाई फरहान की मौत हो गई। दुर्घटना होते ही टक्कर मारने वाले वाहन का चालक वाहन सहित भाग निकला। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई थी। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गई और जानकारी लगते ही मृत दोनों भाईयों के परिजन भी मौके पर आ गए थे। इस दौरान वहाँ मौजूद लोगों ने एक वेगनआर कार चालक को पकड़ लिया और मारपीट कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।


लोगों ने कहा कि इसने ही इन्हें टक्कर मारी है। पुलिस ने कार चालक को पूछताछ के लिए बैठा रखा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना करने वाला कोई और वाहन भी हो सकता है। सीसीटीवी फुटेज देखकर टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना करने वाला वाहन ट्रेक्टर टाली भी हो सकता है, फिलहाल जाँच जारी है। इधर आज सुबह मृतक दोनों भाईयों का अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। यहाँ बड़ी संख्या में परिजन और मिलने वाले मौजूद थे। मृतकों के रिश्तेदारों ने बताया कि उनके पिता छोटे ठेले पर बल्ब बेचने का काम करते हैं और रिहान की आठ माह पहले ही शादी हुई थी।

Share:

Next Post

बादल छाए तो दिन और रात का तापमान बढ़ गया

Mon Jan 23 , 2023
आज सुबह न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 13 डिग्री पर पहुँच गया -ठंड से मामूली राहत उज्जैन। पिछले 24 घंटों में मौसम में बदलाव आया है। नमी का स्तर 83 प्रतिशत तक पहुंच गया है और कल से हल्के बादल भी छा रहे हैं। इसके चलते दिन और रात का तापमान बढ़ गया है। आज […]