
जबलपुर। नगर निगम में आयोजित बजट बैठक एक बार फिर शोर-शराबा व हंगामा की भेंट चढ़ गई। महापौर के अभिभाषण के साथ बैठक शुरू हुई, लेकिन शुरुआत से ही सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। बजट भाषण में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने शेरो-शायरी के जरिए शहर के विकास कार्यों की रूपरेखा पेश की। उन्होंने कहा कि सदन के सभी सदस्य उनके लिए समान हैं। उन्होने किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। महापौर ने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष के वार्ड में भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करोड़ों के काम कराए गए हैं।
इसके बावजूद उन्होंने विपक्ष पर निगम की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया और शायरियों के माध्यम से तीखा हमला बोला। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के चलते सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया और बजट बैठक विवादों के बीच घिरती नजर आई। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के चलते सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया और बजट बैठक विवादों के बीच घिरती नजर आई। विपक्ष को बोलने का मौका मिलने पर नेता प्रतिपक्ष अमरेश मिश्रा ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन चलने वाली आम सभा की बैठक को महज एक दिन में ही समाप्त कर दिया गया था। अमरीश मिश्रा ने कहा कि वे लगातार पत्र लिखकर बैठक बुलाने की मांग करते रहे, लेकिन उनकी बातों को अनदेखा किया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई विकास कार्य बिना सदन में चर्चा के ही शुरू कर दिए जाते हैं।
तीन हजार करोड़ के नए कार्यों का होगा भूमिपूजन:महापौर
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं जिसमें 650 करोड़ की लागत से शहर भर में नाला-नालियों और सड़कों का जाल बिछाया गया है। 100 करोड़ की लागत से उद्यानों का कायाकल्प किया गया है। 50 करोड़ रूपये की राशि से जल आपूर्ति व्यवस्था और 20 करोड़ रूपये की राशि से प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर व्यय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 1,000 करोड़ रूपये के विकास कार्य शहर में तेजी से चल रहे हैं। महापौर ने बताया कि स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में जबलपुर ने देश के अग्रणी शहरों में अपनी जगह बनाई है स्वच्छता में देश के 5वा स्थान प्राप्त किया है और वायु गुणवत्ता में बेहतर पर्यावरण के लिए देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए सर्वाधिक राजस्व वसूली का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया गया है। महापौर ने बताया कि आगामी 1.5 वर्षों के भीतर शहर के चौतरफा विकास के लिए 3,000 करोड़ रूपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। महापौर ने विपक्ष द्वारा बजट के दौरान किए गए बहिर्गमन को विकास कार्यों में बाधा बताते हुए इसकी निंदा की और दोहराया कि शहर की प्रगति की गति और तेज की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved