देहरादून। केदारनाथ मंदिर (Kedarnath Temple) देश के सबसे पवित्र शिव धामों (Sacred Shiva shrines) में गिना जाता है। हिमालय की बर्फीली चोटियों (Snowy peaks of the Himalayas) के बीच स्थित यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन केदारनाथ धाम की सबसे अनोखी बात यहां स्थापित शिवलिंग का स्वरूप है, जो अन्य ज्योतिर्लिंगों की तरह गोल नहीं बल्कि त्रिकोणाकार दिखाई देता है।
मान्यता है कि केदारनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग बैल की पीठ यानी कूबड़ के आकार का है। इसकी ऊंचाई और चौड़ाई लगभग 12-12 फीट बताई जाती है। यही विशेष आकार इसे बाकी ज्योतिर्लिंगों से अलग बनाता है।
महाभारत काल से जुड़ी है कथा
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने ही कुल के विनाश से दुखी थे और पाप मुक्ति के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते थे। इसके लिए वे हिमालय पहुंचे, लेकिन भगवान शिव उनसे मिलने के इच्छुक नहीं थे। कहा जाता है कि महादेव ने पांडवों की परीक्षा लेने के लिए बैल का रूप धारण कर लिया और उनसे छिपने लगे।
जब पांडवों को इसका आभास हुआ तो भीम ने विशाल रूप धारण कर बैल को पकड़ने की कोशिश की। बताया जाता है कि भीम ने बैल की पूंछ पकड़ ली, लेकिन उसी दौरान महादेव धरती में समाने लगे। इस घटना में बैल की पीठ का हिस्सा केदारनाथ में प्रकट हुआ, जो आज त्रिकोणाकार शिवलिंग के रूप में पूजित है।
कथा के अनुसार भगवान शिव के बैल रूप के अन्य अंग अलग-अलग स्थानों पर प्रकट हुए, जिन्हें मिलाकर पंचकेदार कहा जाता है।
Kedarnath Temple में बैल की पीठ
Tungnath Temple में भुजाएं
Rudranath Temple में मुख
Madhyamaheshwar Temple में नाभि
Kalpeshwar Temple में जटाएं प्रकट हुईं।
वहीं बैल का सिर पशुपतिनाथ मंदिर में प्रकट होने की मान्यता है, जहां भगवान पशुपतिनाथ के रूप में पूजे जाते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार केदारनाथ का त्रिकोणाकार शिवलिंग केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि महादेव के उस दिव्य स्वरूप का प्रमाण माना जाता है, जिसने पांडवों को क्षमा और मोक्ष का मार्ग दिखाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved