img-fluid

5 हजार हरियाली प्रेमियों ने करवाया अंकुर अभियान में पंजीयन

July 29, 2022

  • पहले ही दिन 55 हजार पौधे रोपे, सरकारी विभागों के साथ व्यापारिक, निजी संगठन भी जुड़े, 15 अगस्त तक चलेगा अभियान… कलेक्टर कर रहे हैं मॉनीटरिंग

इंदौर। हर साल की तरह हरियाली महोत्सव मानसून में भी शुरू हो गया है। पहले ही दिन 5 हजार हरियाली प्रेमियों ने पंजीयन कराया और 55 हजार से अधिक पौधे भी रोप दिए। डेढ़ लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया है और 15 अगस्त तक यह अभियान चलेगा। इसकी समीक्षा कलेक्टर मनीष सिंह द्वारा की जा रही है। सभी सरकारी स्कूल, उद्यान, निगम मंडल, प्राधिकरण के दफ्तरों से लेकर खाली स्थानों पर ये पौधारोपण किया जा रहा है। वन उद्यानिकी और कृषि विभाग की नर्सरी से नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं और वायु दूत – अंकुर एप पर लगाए जा रहे पौधों की फोटो भी अपलोड की जा रही है। 30 दिन बाद रोपित पौधे की दूसरी फोटो भी अपलोड की जाएगी।

इस अभियान के तहत जिले में लगभग डेढ़ लाख पौधों का रोपण होगा। पौधों का यह रोपण शासकीय विभागों, नागरिकों, समुदायों और स्वैच्छिक संगठनों की सहभागिता से किया जाएगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने इसके लिये विभागवार लक्ष्य आवंटित कर दिये हैं। अभियान के सफल संचालन के लिये पूर्व में संचालित महाअभियान की तर्ज पर कलेक्टर की अध्यक्षता में सभी स्टेक होल्डर्स को शामिल कर जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति 15 अगस्त तक चलने वाले इस पौधारोपण अभियान का सतत समन्वय, अनुश्रवण और मॉनीटरिंग करते हुए जन-भागीदारी सुनिश्चित करेगी। समिति द्वारा अंकुर कार्यक्रम की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।


सभी शासकीय कार्यालय भवन, सार्वजनिक उपक्रम, औद्योगिक प्रतिष्ठान, निगम मंडल के कार्यालयों के प्रांगण में पौध-रोपण किया जायेगा। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, आंगनवाड़ी, छात्रावास, पंचायत आदि के परिसरों के साथ उपलब्ध अन्य शासकीय एवं वन्य भूमि पर भी पौध-रोपण किया जायेगा। अशासकीय संगठन, समुदाय आधारित संगठन और निजी संगठनों को अभियान से जोड़ते हुए उनके परिसरों और अन्य उपयुक्त स्थलों पर पौध-रोपण करवाने के निर्देश दिये गये। अभियान के तहत लगने वाले पौधों की व्यवस्था संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा स्वयं की जायेगी। वन, उद्यानिकी और कृषि विभाग की नर्सरी में उपलब्ध पौधों का उपयोग प्रचलित नियमानुसार किया जाएगा। रोपित पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं देखभाल की जिम्मेदारी पौधारोपण करने वाले संबंधित व्यक्ति, संगठन अथवा शासकीय संस्था की होगी। अभियान से जुडऩे वाले प्रत्येक व्यक्ति द्वारा किये गये पौध-रोपण का पंजीयन वायुदूत-अंकुर एप पर किया जाकर रोपित पौधों का फोटो अपलोड किया जाएगा।

Share:

कावडिय़ों पर हमले के आरोप में इंदौर-उज्जैन रोड पर किया चक्काजाम

Fri Jul 29 , 2022
इंदौर। कल रात उज्जैन जा रहे कावडिय़ों पर एक वर्ग विशेष द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया और इंदौर-उज्जैन रोड पर चक्काजाम भी कर दिया, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। रात साढ़े 9 बजे के लगभग यह विवाद उज्जैन सीमा के पास स्थित महावीर तपो भूमि के सामने […]
सम्बंधित ख़बरें
खरी-खरी
मंगलवार का राशिफल
मनोरंजन
अभी-अभी
Archives

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved