इंदौर न्यूज़ (Indore News)

दिल्ली में घने कोहरे के कारण कल 8 और आज 2 उड़ानें निरस्त

  • रात तक और भी कुछ उड़ानें निरस्त होने के आसार, कई अन्य उड़ानें घंटों लेट, यात्री परेशान

इंदौर। देश के उत्तरी भाग में ठंड का असर एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। इसके साथ ही यहां घना कोहरा भी छा रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित राजधानी दिल्ली हो रही है। यहां घने कोहरे के कारण हवाई यातायात भी बिगड़ रहा है। दिल्ली में कल घने कोहरे के कारण कुल आठ उड़ानों को निरस्त किया गया, वहीं आज सुबह की दो उड़ानें भी निरस्त कर दी गई हैं। रात तक आंकड़ा और बढऩे के आसार हैं, वहीं कई अन्य उड़ानें घंटों लेट चल रही हैं। घने कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो जाने से कल एलायंस एयर ने शाम 5.30 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 5.55 बजे वापस दिल्ली जाने वाली उड़ान और 7.40 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8.05 बजे वापस दिल्ली जाने वाली उड़ानों को निरस्त कर दिया। इसी तरह इंडिगो एयर लाइंस ने शाम 6.25 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 7.05 बजे वापस दिल्ली जाने वाली और दिल्ली से रात 10.35 बजे इंदौर आकर 11.10 बजे वापस दिल्ली जाने वाली उड़ान के साथ ही रात 11.45 बजे लखनऊ से आने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया, वहीं आज सुबह दिल्ली से 6.25 बजे आकर 6.55 बजे वापस जाने वाली उड़ान को भी निरस्त किया गया है। रात तक निरस्त उड़ानों का आंकड़ा और बढऩे की संभावना है। एक साथ इतनी उड़ानें निरस्त होने और कई उड़ानों के घंटों लेट होने के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण यात्रियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर हंगामा भी किया।

बैंगलुरु से रात 12 बजे आने वाली उड़ान सुबह 6 बजे आई
दिल्ली ज्यादातर एयर लाइंस का बेस होने के कारण यहां से उड़ानों का संचालन प्रभावित होने से दिल्ली से सीधे इंदौर आने वाली उड़ानों के साथ ही दिल्ली से अन्य शहरों से होते हुए इंदौर आने वाली उड़ानें भी लेट रहीं। कल रात 12.10 बजे बैंगलुरु से इंदौर आने वाली उड़ान आज सुबह 6.10 बजे इंदौर पहुंची। दिल्ली से रात 8.20 बजे इंदौर आने वाली विस्तारा की उड़ान रात 2.12 बजे इंदौर पहुंची और यात्रियों को लेकर रात 3 बजे रवाना हुई। यात्री रातभर बैंगलुरु एयरपोर्ट पर ही परेशान होते रहे। इसी तरह मुंबई, हैदराबाद, पुणे, जयपुर, जबलपुर, नागपुर, सूरत, शिर्डी सहित कई अन्य शहरों की उड़ानें तय समय से दो से चार घंटे तक लेट रही है।


महू-प्रयागराज आज रहेगी निरस्त, मालवा भी घंटों लेट… उत्तर भारत की ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया

इधर कोहरे के चलते उड़ाने प्रभावित हो रही हैं, उधर अनिश्चितकालीन देरी से चल रही महू-प्रयागराज एक्सप्रेस सोमवार को नहीं चलाई जाएगी। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि रविवार को प्रयागराज से ट्रेन रवाना नहीं हो पाई। इधर, महू से रविवार को जो ट्रेन प्रयागराज के लिए निकली थी, वह सुबह के बजाय सोमवार दोपहर 2.30-तीन बजे तक प्रयागराज पहुंचेगी।

इंदौर से चलने वाली ट्रेनों में महू-प्रयागराज ट्रेन का टाइम टेबल बुरी तरह गड़बड़ाया है। कभी यह ट्रेन 10 तो कभी 12 घंटे देरी से चल रही है। मुख्य रूप से कोहरे और विभिन्न रेल मंडलों के मेगा ब्लॉक के कारण यह ट्रेन अत्यधिक देरी से चल रही है। इससे रोजाना सैकड़ों यात्री परेशान हो रहे हैं। खासतौर पर दिल्ली या उत्तर भारत की ट्रेनों पर इन सबका खासा असर हो रहा है। मालवा एक्सप्रेस रात तक आने की संभावना- रविवार सुबह श्री माता वैष्णोदेवी कटरा से इंदौर के लिए रवाना हुई मालवा एक्सप्रेस भी काफी देरी से चल रही है। ट्रेन के इंदौर आने का तय समय दोपहर 1.40 बजे है, लेकिन सोमवार सुबह तक यह ट्रेन ग्वालियर पहुंच पाई थी। इस हिसाब से इसे इंदौर आने में रात हो जाएगी। हालांकि, महू और इंदौर से कटरा जाने वाली ट्रेन रोजाना समय पर रवाना हो रही है। इंटरसिटी भी लेट- रविवार को नई दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हुई इंटरसिटी एक्सप्रेस (12416) भी काफी लेट चल रही है। यह ट्रेन सामान्य दिनों में सुबह 10.05 बजे इंदौर आती है, लेकिन सोमवार सुबह 8.30 बजे के आसपास यह ट्रेन रामगंजमंडी तक ही पहुंच पाई थी। इसके दोपहर तक इंदौर आने की संभावना है।

Share:

Next Post

भागीरथपुरा से निरंजनपुर तक कान्ह किनारे बिछाई सीवरेज के चेंबर फिर बनाएंगे

Mon Jan 15 , 2024
ध्वस्त चेंबरों के कारण बार-बार दर्जनों क्षेत्रों की लाइनें हो रही हैं चोक, कान्ह में भी मिल रहा है गंदा पानी इन्दौर। कुछ महीनों पहले नगर निगम ने भागीरथपुरा से निरंजनपुर तक कान्ह नदी के किनारे सीवरेज लाइन बिछाने का काम पूरा किया था, लेकिन लाइनों के सारे चेंबर ध्वस्त हो गए हैं और इस […]