
राजगढ़। मध्यप्रदेश में रविवार को स्वतंत्रता दिवस (Independence day) धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर राजगढ़ (Rajgarh) जिला मुख्यालय स्थित मुख्य समारोह में परेड निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री डा. मोहन यादव (In-charge Minister Dr. Mohan Yadav) जिस वाहन पर सवार थे, उस पर उल्टा तिरंगा (inverted tricolor) लगा हुआ था। कार्यक्रम के फोटो जारी होने के बाद मामला उजागर हुआ, तो इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसे तिरंगे का अपमान बताया है।
राजगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित किया गया। यहां उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड के निरीक्षण के लिए एक जिप्सी को बाकायदा सजाया गया था, लेकिन उस पर जो तिरंगा लगाया गया था, वह उल्टा था। तिरंगे का केसरिया रंग सबसे ऊपर होने चाहिए, जबकि जिप्सी पर लगा तिरंगे में हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग सबसे नीचे कर दिया गया। मंत्री डॉ मोहन यादव, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ने इसी वाहन पर सवार होकर पूरी परेड का निरीक्षण भी कर लिया। पूरा आयोजन सम्पन्न होने के बाद तक किसी का इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन जब जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यक्रम के फोटो जारी किये गए, तब यह मामला उजागर हुआ।
मामला सामने आने के बाद प्रदेश में राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को हाथों हाथ लेते हुए आरोप लगायै है कि राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है। फिलहाल, इस मामले में किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन जिप्सी पर उल्टा तिरंगा लगाने को लेकर अब जिम्मेदार कर्मचारी पर जल्द ही गाज गिर सकती है। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved