
सीहोर। करीब 7 साल के अंतराल के बाद मप्र में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। सीहोर जनपद में पंचायत चुनाव का मतदान शुरू हो गया है। यहां की 154 ग्राम पंचायतों में चुनाव के लिए 411 मतदान केन्द्र बनाए गए है। इन केन्द्रों के लिए 411 मतदान दल बनाए गए है, जिसमें 2260 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीहोर जनपद में 118,713 पुरुष एवं 110,535 महिला तथा 7 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से हो रहे है। अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होते ही वोटरों की कतार लग गई है, मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए है। इस बार अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पंच पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर, सरपंच पद के लिए नीला रंग का बैलेट पेपर, जनपद पंचायत सदस्य पर के लिए पीला रंग का बैलेट पेपर तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर निर्धारित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र मोहन ठाकुर के निर्देशानुसार शासकीय महिला पॉलिटेक्निक में मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित कर मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया गया। कलेक्टर श्री ठाकुर ने मतदान सामग्री वितरण कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों को सुगमता से सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने मतदान दलों को लाने ले-जाने वाले वाहनों की मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved