
इन्दौर। केन्द्र सरकार के कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर लगाए गए प्रतिबंध का असर विशेष तौर पर होटल और रेस्टारेंट पर पडऩे वाला है। इससे जहां एक ओर घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ेगी तो बाहर नाश्ता और खाना महंगा हो सकता है, वहीं कई रेस्टारेंट बंद हो सकते हैं।
कल ही केन्द्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ये आदेश जारी कर इसे तत्काल प्रभाव से पूरे देश में ंलागू करने का आदेश दिया है। आदेश के तहत 19 किलोग्राम या उससे अधिक के कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब नहीं दी जाएगी। भले ही सरकार इसे एहतियातन उठाया गया कदम मान रही हो, लेकिन डिलीवरी पर प्रतिबंध लगाने से एक बड़ा असर होगा। केवल सरकारी स्कूल और अस्पताल में आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, बाकी किसी को भी सिलेंडर नहीं देंगे।
गैस एजेंसियों के संचालकों के अनुसार इसका व्यापक असर होटल और रेस्टारेंट के साथ-साथ उन उद्योगों में दिखेगा, जहां एलपीजी का उपयोग किया जाता है। विशेषकर होटल और रेस्टारेंट में एक तरह से सबसे ज्यादा असर होगा और कई रेस्टारेंट बंद हो जाएंगे या फिर उनमें मिलने वाली खाद्य सामग्री महंगी हो सकती है। एक तरह से बाहर खाना महंगा हो जाएगा या फिर बंद ही हो जाएगा। सिलेंडर पर प्रतिबंध का बड़ा असर घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के रूप में देखा जा सकता है। वैसे पहले चरण में सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ा दी है। पहले 15 दिन में दूसरे सिलेंडर की बुकिंग हो जाती थी, लेकिन अब 25 दिन में दूसरे सिलेंडर की बुकिंग हो सकेगी और उसकी डिलीवरी में भी 4 से 5 दिन लगेंगे। यानी अब दूसरा सिलेंडर 1 महीने में ही मिल सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved