
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के छिदंवाड़ा जिले (Chhindwara District) के मोहन नगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में असफल होने के तनाव से आहत एक नाबालिग बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया है।
जानकारी के अनुसार, आज ही में घोषित हुई मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा के परिणाम में बालिका फेल हो गई थी। परिणाम आने के बाद से वह लगातार उदास और चिंतित रहने लगी थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह परीक्षा के दबाव और फेल होने के सदमे से काफी तनाव में थी। घर के अन्य सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बालिका कमरे में चली गई और फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत दरवाजा तोड़ा और बालिका को नीचे उतारा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पूरे मामले को आत्महत्या बताया है। यह घटना एक बार फिर बोर्ड परीक्षा के परिणाम के बाद छात्र-छात्राओं पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा के बाद बच्चों को सही काउंसलिंग और परिवार का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके। परिजन और स्थानीय लोग बालिका की मौत पर गहरा दुख जता रहे हैं। इस घटना ने पूरे मोहन नगर क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved