
इंदौर। इंदौर संभाग के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। संभाग के सभी जिलों से संचालित होने वाली 180 बसें, जो पिछले करीब 1 साल से बंद थीं, वह फिर शुरू होने जा रही हैं। परिवहन विभाग द्वारा अस्थायी परमिटों पर रोक के बाद बंद हुईं ये बसें अब स्थायी परमिट पर दौड़ेंगी। इससे यात्रियों के साथ ही बस संचालकों को भी फायदा होगा।
उल्लेखनीय है कि करीब 1 साल पहले परिवहन विभाग द्वारा कोर्ट के निर्देश पर अस्थायी परमिटों पर रोक लगा दी थी, जिसके कारण इंदौर की 400 से ज्यादा बसें बंद हो गई थीं। इन बसों को कुछ बस संचालक बरात परमिट लेकर चला रहे थे, लेकिन अक्सर इन्हें भी कार्रवाई के डर से बंद किया जा रहा था।
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि हाल ही में परिवहन विभाग ने स्थायी परमिटों की सुनवाई आयोजित करते हुए 180 बसों को स्थायी परमिट जारी किए हैं। ये वही बसें हैं, जो पहले अस्थायी परमिटों पर चल रही थीं। स्थायी परमिट मिलने पर अब इन बसों का संचालन बेरोकटोक हो सकेगा और यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
रुकेगी अवैध वसूली, नियमित होगा संचालन
अस्थायी परमिटों पर रोक के बाद ज्यादातर बसों के बंद हो जाने का पहले तो विरोध हुआ, लेकिन सुनवाई ना होने पर बस संचालकों ने बरात और पिकनिक परमिट लेकर बसों का संचालन शुरू कर दिया था। इन बसों में यात्रियों से मनमानी वसूली की जा रही थी और नियमों का पालन भी नहीं हो रहा था। ज्यादातर बसें भी बस स्टैंड के बाहर से चलती थीं, लेकिन अब स्थायी परमिट होने से बसों में यात्रियों से तय किराया लिया जाएगा। बसें भी बस स्टैंड से चलेंगी और यहीं उनके टिकट भी मिलेंगे। बसों को परमिट शर्तों के तहत सभी परिवहन नियमों का पालन भी करना पड़ेगा, अन्यथा परिवहन विभाग कार्रवाई के साथ परमिट निरस्त भी कर सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved