
इंदौर। राजबाड़ा (Rajwada) जैसे अतिव्यस्त क्षेत्र में ट्रैफिक (Traffic) को व्यवस्थित करने के लिए ई-रिक्शा (E-Rickshaws) पर लगाया गया प्रतिबंध (Prohibition) पूरी तरह बेअसर हो गया है। ई-रिक्शा चालकों ने फिर से यहां की सड़कों पर सवारियों के लिए कब्जा जमा लिया है। राजबाड़ा चौक पर ई-रिक्शा चालक कहीं भी ई-रिक्शा खड़ी कर सवारियां उतार-चढ़ा रहे हैं और इसका खामियाजा अन्य वाहन चालक और पैदल आने वाले लोग भुगत रहे हैं। पीकअवर्स के अलावा भी दिन में कई बार यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।
लगा देेते हैं भीषण जाम
शहर में तेजी से बढ़ते यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे ई-रिक्शा को लेकर नियम भले ही कई बन गए हो, लेकिन वे धरातल पर लागू होते नजर नहीं आ रहे हैं। जोन वाइज संचालन के निर्णय के बाद भी यातायात पुलिस इसे लागू करने में वक्त ले रही है और इसका खामियाजा व्यस्त बाजार और व्यस्त सड़कों पर चलने वालों को भुगतना पड़ रहा है। बिना नियम पालन चलना, सड़क पर कहीं भी सवारी के लिए खड़े होना, मनमाना किराया वसूलना आम बात हो चुकी है। राजबाड़ा जैसे बाजारों को जाम से बचाने के लिए इनके संचालन पर यहां रोक लगी थी, लेकिन इस रोक का कोई असर नहीं हो रहा है। आज भी आए दिन यहां ई-रिक्शा ही नहीं, ऑटो भी संचालित होकर व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं। राजबाड़ा चौक स्थित पुलिस चौकी के पास ही ई-रिक्शा चालकों ने अवैध रूप से स्टैंड बना लिया है, जहां कम से कम 10 ई-रिक्शा तो सवारियों के लिए खड़े नजर आ ही जाते हैं। इनके कारण सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित होता रहता है। शहर की कई सड़कों के चौराहों पर लेफ्ट टर्न पर भी कई बार ई-रिक्शा खड़े नजर आते हैं। कई ई-रिक्शा का उपयोग मालवाहक के तौर पर हो रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved