
नई दिल्ली। NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले (NEET paper leak case) को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को इंदौर जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के रीगल चौराहे स्थित गांधी प्रतिमा पर जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा सरकार पर देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से छात्रों और अभिभावकों का विश्वास शिक्षा व्यवस्था से उठता जा रहा है। इस अवसर पर इंदौर सहकारी दूध संघ के पूर्व अध्यक्ष मोती सिंह पटेल ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत कर अपने भविष्य के सपने संजोते हैं, लेकिन कुछ माफियाओं और भ्रष्ट तत्वों की वजह से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मोती सिंह पटेल ने यह भी कहा कि यदि सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने में विफल रहती है तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने की मांग भी उठाई। रीगल चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा नेता, छात्र एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में सरकार विरोधी नारों के साथ प्रदर्शन का माहौल गरमाया रहा और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved