
नई दिल्ली । मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत पर (Over the death of 21 people in the Malviya Nagar Fire) मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा (Mallikarjun Khadge, Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi Vadra) ने शोक जताया (Expressed Grief) ।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की दुखद घटना से मैं बेहद आहत हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।” खड़गे ने मांग की कि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों को पर्याप्त और समय पर मुआवजा देना चाहिए, जिसमें तत्काल चिकित्सा सहायता भी शामिल हो। इसके साथ ही, उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों को हर संभव मदद और सहयोग प्रदान करें।”
राहुल गांधी ने भी एक्स पर जारी अपने बयान में घटना को अत्यंत दुखद बताया। राहुल गांधी ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पोस्ट किया, “मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु और करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। कांग्रेस के साथियों से मेरी अपील है कि कृपया प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें।”
वहीं, आम आदमी पार्टी ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट किया, “आखिर दिल्ली में यह क्या हो रहा है? इससे भी बड़ा सवाल- ऐसा क्यों हो रहा है? क्या सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है? दिल्ली की जनता डरी हुई है और जवाब चाहती है।”
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मालवीय नगर में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए वह भगवान से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और उनमें मासूम लोगों की जान जाना गंभीर चिंता का विषय है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर में आग लगने से 20 लोगों की मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
आतिशी ने सवाल उठाया कि दिल्ली में बार-बार हो रहे अग्निकांडों और लोगों की मौतों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि फायर सेफ्टी व्यवस्था की बदहाली के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। हर बड़े हादसे के बाद केवल बयानबाजी होती है, लेकिन जवाबदेही तय नहीं होती। लोगों की जान की कीमत पर होने वाली यह लापरवाही अब स्वीकार्य नहीं है।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पोस्ट किया, “‘सूत्र’ के नाम से ‘टूलकिट’ शुरू। जो लोग आग में मारे गए हैं, उन्हीं पर उनकी मौत का दोष डाला जाएगा। मंत्री और मुख्यमंत्री चुप रहेंगे, सारा काम टूलकिट करेगी, नाम सूत्रों का रहेगा।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved