
इन्दौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर 29 मार्च को बड़े समारोह में लोकार्पित किए गए टर्मिनल-1 के शुरू होने का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। उद्घाटन के तीन माह पूरे होने के बावजूद अब तक यहां से एक भी नियमित उड़ान शुरू नहीं हो सकी है। अप्रैल से छोटे एटीआर विमानों का संचालन नए टर्मिनल से शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन जून समाप्त होने को है और टर्मिनल अब भी बंद पड़ा है।
एयरपोर्ट पर बढ़ती यात्री संख्या और उड़ानों के दबाव को देखते हुए 2012 से बंद पड़े पुराने टर्मिनल को आधुनिक स्वरूप देकर टर्मिनल-1 तैयार किया गया था। इस पर 50 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए। अधिकारियों का दावा था कि नए टर्मिनल के शुरू होने से मौजूदा टर्मिनल पर दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन उद्घाटन के बाद से यह पूरा परिसर अब तक यात्रियों के लिए नहीं खोला जा सका है और 50 करोड़ की ये इमारत धूल खा रही है।
कारण बदलते रहे, लेकिन शुरुआत नहीं हुई
टर्मिनल शुरू नहीं होने के पीछे पिछले तीन महीनों में अलग-अलग वजहें सामने आती रही हैं। पहले बीसीएएस की मंजूरी का इंतजार बताया गया, जो अब मिल चुकी है। इसके बाद 150 सीआईएसएफ जवानों की तैनाती, कुछ औपचारिक मंजूरियां और सफाई सहित अन्य यात्री सेवाओं से जुड़े टेंडर लंबित होने की बात कही गई। हालांकि इन सभी कारणों के बीच अब तक संचालन शुरू होने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं हो सकी है।
घटी उड़ानें तो धीमी पड़ गई कवायद
जिस टर्मिनल को बढ़ती उड़ानों और यात्रियों के दबाव को देखते हुए जल्द शुरू किया जाना था, उसकी जरूरत फिलहाल कम होती नजर आ रही है। पिछले कुछ महीनों में इंदौर से 16 से अधिक उड़ानें बंद हो चुकी हैं, जबकि रोजाना यात्रियों की संख्या भी करीब तीन हजार तक घट गई है। ऐसे में मौजूदा टर्मिनल से ही संचालन आसानी से हो रहा है, जिससे नए टर्मिनल को शुरू करने की प्रक्रिया भी धीमी पड़ गई है।
उद्घाटन की जल्दी, संचालन में सुस्ती
टर्मिनल-1 के उद्घाटन में एयरपोर्ट प्रबंधन ने भारी जल्दीबाजी दिखाई थी। टर्मिनल के कई काम अधूरे होने के बाद भी 29 मार्च को केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू (वर्चुअल) और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टर्मिनल-1 का लोकार्पण करवा दिया था। उस समय अप्रैल से छोटे एटीआर विमानों का संचालन नए टर्मिनल से शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन तीन माह बाद भी यह दावा पूरा नहीं हो सका है। अब तक न संचालन की कोई नई तारीख घोषित हुई है और न ही यात्रियों को नए टर्मिनल की सुविधाओं का लाभ मिल पाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved