
इंदौर। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ सेज यूनिवर्सिटी के सामने कल रात एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने सड़क पार कर रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि इस दुर्घटना में सड़क पार कर रहे पैदल युवक और मोटरसाइकिल चला रहे युवक, दोनों की ही मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
रफ्तार का कहर युवाओं की जिंदगी पर किस कदर भारी पड़ रहा है, इसकी एक खौफनाक बानगी कल रात राऊ थाना क्षेत्र में देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से अलीराजपुर का रहने वाला 22 वर्षीय नरपत सिंह, पिता माधव सिंह चौहान, इंदौर में रहकर काम करता था। कल रात वह अपना काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह सेज यूनिवर्सिटी के सामने सड़क पार करने लगा, तभी राऊ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरपत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में सिर्फ पैदल राहगीर ही नहीं, बल्कि बाइक चला रहे युवक की भी जान चली गई। मृतक बाइक चालक की पहचान 22 वर्षीय अयान, पिता इमरान, निवासी सोनवाय पीथमपुर रोड के रूप में हुई है। तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन ऐसा बिगड़ा कि अयान भी गंभीर चोटों के कारण जिंदगी की जंग हार गया। महज 22 साल के दो युवाओं की मौत के बाद दोनों ही परिवारों में मातम छा गया है। राऊ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved