
बेंगलुरु। महिलाओं (Women) की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। बेंगलुरु (Bengaluru) में एक महिला ने डिलीवरी एजेंट (Delivery Agent) पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। महिला का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद डिलीवरी बॉय (Delivery boy) जबरन उसके फ्लैट में घुस आया और शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद उसके सामने अश्लील हरकत की। इस घटना के बाद से पीड़िता गहरे सदमे में है।
महिला ने इस पूरी आपबीती को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके बाद यह मामला तेजी से गरमा गया है। पीड़िता के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब डिलीवरी एजेंट उसके घर पर एक पार्सल पहुंचाने आया था। पार्सल देने के बाद उसने महिला से शौचालय का उपयोग करने की अनुमति मांगी। महिला ने सुरक्षा कारणों और अजनबी होने की वजह से उसे घर के अंदर आने देने से साफ इनकार कर दिया।
बार-बार इनकार के बावजूद जबरन घर में घुसा
महिला ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात का विस्तार से जिक्र किया है कि कैसे आरोपी जबरन घर में घुस गया। उन्होंने कहा, “मैंने बहुत ही शालीनता से कई बार मना किया और स्पष्ट रूप से कहा कि मैं अजनबियों को अपने फ्लैट के अंदर आने की अनुमति नहीं देती। मैंने उसे यह भी सुझाव दिया कि अगर कोई इमरजेंसी है तो वह बगल में रहने वाले पुरुष पड़ोसियों से मदद मांग सकता है। लेकिन मेरी बार-बार की मनाही के बावजूद उसने मेरी आपत्तियों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। उसने अपनी चप्पलें उतारीं और मेरी मर्जी के बिना जबरन मेरे घर में दाखिल हो गया।”
शौचालय से बाहर निकलकर की गंदी हरकत
महिला ने डिलीवरी एजेंट पर बेहद गंभीर और घिनौना आरोप लगाते हुए कहा कि शौचालय का उपयोग करने के बाद जब वह बाहर निकला तो उसने महिला के सामने अपने प्राइवेट पार्ट निकाले। इससे महिला पूरी तरह से स्तब्ध और भयभीत रह गई। वह आगे कहती हैं, “जब वह वॉशरुम से बाहर आया तो उसने मेरे सामने अश्लील हरकत की। मैं अपने ही घर में खुद को असुरक्षित, प्रताड़ित और पूरी तरह से अपमानित महसूस कर रही थी। जब एक महिला ने ना कह दिया था, तो बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी। किसी भी पुरुष को महिला की सीमाओं का उल्लंघन करने या जबरन उसके घर में घुसने का कोई अधिकार नहीं है।”
@flipkartsupport What the hell is going on here? How was this person entered the house ??? This is absolutely shocking 😡😡😡 pic.twitter.com/iuWTl6zRJ7
— Santhosh 🇮🇳 (@shetty_santhu1) July 12, 2026
सूझबूझ से बचाई अपनी जान
घटना के समय महिला इस कदर खौफजदा थी कि उसे अपनी आबरू और जान का खतरा महसूस होने लगा था। ऐसे कठिन समय में भी महिला ने हिम्मत नहीं हारी और सूझबूझ से काम लिया। महिला ने डर के साये में भी अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया ताकि कोई भी अप्रिय घटना रिकॉर्ड हो सके। उसने अपने फ्लैट का मुख्य दरवाजा पूरा खोल दिया। वह खुद घर के मुख्य द्वार के पास जाकर खड़ी हो गई ताकि अगर आरोपी कुछ और गलत करने की कोशिश करे तो वह तुरंत मदद के लिए बाहर भाग सके और शोर मचा सके।
महिला ने देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि हर दिन बलात्कार और उत्पीड़न की खबरें सुनकर मन में जो डर बैठ गया है, उसी वजह से वह तुरंत सतर्क हो गई। इस घटना ने उसे मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया है।
बेंगलुरु पुलिस ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर महिला की यह दर्दनाक पोस्ट वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया के जरिए ही महिला से संपर्क साधा है। पुलिस ने महिला से इस घटना के संबंध में अधिक विवरण, समय और आरोपी की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जा सके और आरोपी डिलीवरी एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे पीड़िता की ओर से औपचारिक शिकायत और अतिरिक्त विवरण मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जिसके तुरंत बाद आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved