मॉस्को। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स (Robotics) की दुनिया तेजी से नए मुकाम हासिल कर रही है। अब तक रोबोट को फैक्ट्री, अस्पताल, रसोई, युद्ध और ड्राइविंग जैसे कई क्षेत्रों में काम करते देखा गया है, लेकिन रूस की राजधानी मॉस्को (Moscow) में एक ऐसा आयोजन हुआ जिसने लोगों को हैरान कर दिया। यहां दो ह्यूमनॉयड रोबोटों का प्रतीकात्मक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार यह रूस में अपनी तरह का पहला रोबोटिक विवाह समारोह था। कार्यक्रम में दूल्हे के रूप में ‘रॉबर्ट’ और दुल्हन के रूप में ‘मटिल्डा’ नाम के रोबोट को पारंपरिक शादी की पोशाक पहनाकर मंच पर लाया गया। समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ दोनों का स्वागत किया।
मॉस्को की प्रसिद्ध पुश्किन लाइब्रेरी में आयोजित इस कार्यक्रम को शादी जैसा माहौल देने के लिए कई पारंपरिक रस्में निभाई गईं। दोनों रोबोटों ने पहले से प्रोग्राम किए गए संवाद और शपथ दोहराए। समारोह की एक और खास आकर्षण रोबोटिक डॉग ‘डॉगमैटिक’ रहा, जिसने शादी के ब्रेसलेट मंच तक पहुंचाए। इसके बाद दोनों रोबोटों ने निर्धारित मूवमेंट्स के जरिए एक-दूसरे को ब्रेसलेट पहनाए और होस्ट ने उन्हें प्रतीकात्मक रूप से “रोबोट पति-पत्नी” घोषित कर दिया।
खास मौके पर हुआ आयोजन
यह कार्यक्रम रूस के ‘डे ऑफ फैमिली, लव एंड फिडेलिटी’ समारोह के दौरान आयोजित किया गया। हर वर्ष 8 जुलाई को मनाया जाने वाला यह दिन सेंट पीटर और मुरोम की फेवरोनिया की स्मृति में समर्पित होता है, जिन्हें रूसी परंपरा में वैवाहिक निष्ठा और आजीवन समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
वीडियो वायरल, छिड़ी नई बहस
इस अनोखे आयोजन के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि क्या भविष्य में रोबोट इंसानों जैसी भावनाएं विकसित कर पाएंगे। हालांकि इस समारोह से जुड़े डेवलपर्स और आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से पहले से तैयार की गई स्क्रिप्ट पर आधारित तकनीकी प्रस्तुति थी।
उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य यह दिखाना था कि आधुनिक घरेलू रोबोट अब आवाज पहचानने, बातचीत करने, निर्देशों का पालन करने और जटिल गतिविधियों को अंजाम देने जैसी क्षमताओं में कितनी प्रगति कर चुके हैं। यह आयोजन रोबोट्स में मानवीय भावनाओं के होने का दावा नहीं करता, बल्कि रोबोटिक्स और एआई तकनीक के विकास का प्रदर्शन भर था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved