
उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर में दर्शन करने आई एक श्रद्धालु महिला के गले से लगभग 1.3 लाख रुपये की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि घटना के बाद जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, तो मंदिर प्रबंध समिति द्वारा बताया गया कि पिछले 1 महीने से मंदिर के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं।
पीडि़त परिवार के सदस्य अजय शर्मा के अनुसार उनकी माताजी मंगलनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के दौरान किसी ने उनके गले से सोने की चेन निकाल ली। इसकी जानकारी मिलते ही उनकी बेटी तुरंत मंदिर के काउंटर पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज दिखाने का निवेदन किया। काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने जवाब दिया कि चूहे ने तार काट दिए हैं, पिछले एक महीने सेसीसीटीवी कैमरे बंद हैं। इसके बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा। मंगलनाथ मंदिर उज्जैन के प्रमुख और भीड़-भाड़ वाले मंदिरों में से एक है। यहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में एक महीने से सीसीटीवी बंद होना और चोरी की घटना के बाद कोई फुटेज न मिलना, सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है। चेन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved