
आने-जाने वाले लोग परेशान, आज दोपहर तक धरना-प्रदर्शन
इंदौर। अधूरे (Incomplete ) मांगलिया रेलवे ब्रिज (Manglia railway bridge) और बंद पड़े मांगलिया-व्यासखेड़ी मार्ग (Manglia-Vyaskhedi Road) को लेकर क्षेत्रीय रहवासियों का धरना-प्रदर्शन आज सुबह शुरू हो गया। रेलवे ब्रिज संघर्ष समिति के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे तक चलने वाले प्रदर्शन में ग्रामीण शामिल हुए।
मुख्य सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को लंबे और बदहाल वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही करनी पड़ रही है। जगह-जगह गड्ढों और खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश के मौसम में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनने से समस्या और गंभीर होने की आशंका है। इस मार्ग से गुजरने वाले बाबा महाकाल के श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत फैक्ट्रियों में काम करने वाली महिलाओं, मजदूरों तथा स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्रीय समस्याओं की अनदेखी के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने स्थानीय मंत्री तुलसी सिलावट को भी ब्रिज निर्माण में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
तुरंत सड़क चालू करने की मांग
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि बंद पड़े व्यासखेड़ी मार्ग को तत्काल आवागमन के लिए खोला जाए। साथ ही रेलवे ब्रिज निर्माण में लगी गुजरात की कंपनी द्वारा कथित तौर पर की जा रही देरी और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। रेलवे ब्रिज संघर्ष समिति के किसान नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि सुबह से ही क्षेत्रीय निवासी धरना स्थल पर पहुंचे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved