
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी क्रम में गोपाल मंदिर के सामने छत्री चौक इलाके में बोहरा समाज की मस्जिद के एक हिस्से को समाज के लोगों ने आपसी सहमति से हटाना शुरू किया।
समाज के लोग खुद हथौड़े से मस्जिद के तय हिस्से को तोड़ते दिखे। प्रशासन के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण में मस्जिद का करीब 8.5 फीट हिस्सा हटाया जा रहा है। नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि कंठाल से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी के लिए गोपाल मंदिर के सामने स्थित बोहरा समाज की मस्जिद का करीब 8 फीट हिस्सा हटाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बारे में पहले नोटिस दिया गया था और यह काम बोहरा समाज की आपसी सहमति से ही किया जा रहा है। राठौर के अनुसार, सिंहस्थ-2028 को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इस इलाके में दो मस्जिदें हैं। पहले बोहरा समाज की हुसामी मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम हो रहा है। इसके बाद सामने की दुकानों को भी चौड़ीकरण के दायरे से हटाया जाएगा। बोहरा समाज के वरिष्ठजनों के अनुसार हुसामी मस्जिद करीब 200 साल या उससे भी पुरानी है। उनके मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण में इसका करीब चार से साढ़े चार फीट हिस्सा जा रहा है। काम सभी की सहमति से हो रहा है और सैयदना साहब का आदेश है कि सरकार जो कहे, उसके अनुसार काम किया जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved