
इंदौर। इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र स्थित मनोरमागंज में देर रात एक राहगीर से आईफोन 16 झपटकर भागने वाले शातिर मोबाइल स्नैचर को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को अपनी ओर आता देख भागने के प्रयास में आरोपी बाइक से गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ा गया आरोपी खजराना का कुख्यात बदमाश मोहम्मद आयाज उर्फ कातिया है, जो पूर्व में जिलाबदर भी रह चुका है। पलासिया पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया आईफोन 16 बरामद कर लिया है।
इंदौर शहर में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले बदमाशों पर लगाम कसने के लिए पलासिया पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मनोरमागंज क्षेत्र में रात के वक्त पैदल जा रहे एक व्यक्ति से बाइक सवार बदमाश आईफोन 16 झपटकर रफूचक्कर हो गया था।घटना के तुरंत बाद पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बैकवर्ड और फॉरवर्ड ट्रैकिंग की, जिससे आरोपी का हुलिया और बाइक का नंबर पुलिस के हाथ लग गया।मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बंगाली सर्विस रोड के पास आरोपी को घेर लिया। पुलिस को सामने देख शातिर बदमाश कातिया ने बाइक तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन असंतुलित होकर ज़मीन पर गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया।पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सम्राट कॉलोनी खजराना निवासी मोहम्मद आयाज उर्फ कातिया बताया। आरोपी ने मनोरमागंज से आईफोन झपटने के साथ-साथ शहर के अन्य इलाकों में भी स्नैचिंग की कई वारदातें स्वीकार की हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह जिलाबदर भी रह चुका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved