
उज्जैन। कल शाम नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बाढ़ कुम्मेद में बारिश होने पर दो लोगों ने बचने के लिए ईमली के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच कड़कड़ाते हुए बिजली पेड़ पर गिरी जिसकी चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई। पता चलने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस पहुँच गई थी। मृतकों के शवों को अस्पताल लाया गया। आज सुबह विधायक सहित ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल में लग गई थी और मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की माँग की।
नरवर थानाप्रभारी बल्लू मंडलोई ने बताया कि ग्राम बाढ़कुमेद निवासी मानसिंह मीणा और हरिलाल राठौर कल दोपहर में खेत पर चारा काटने गए थे और शाम को वापस लौट रहे थे। इस दौरान एकाएक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों मार्ग के ईमली के पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। बारिश के दौरान ही तेज आवाज के साथ बिजली पेड़ पर आ गिरी और उसके नीचे खड़े मानसिंह और हरिलाल की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण वहाँ आ गए थे और पुलिस पहुँच गई थी। तत्काल पुलिस और ग्रामीण दोनों को चरक अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का आज सुबह पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण आ गए थे और विधायक महेश परमार सहित शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी भी पहुँच गए थे। कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग प्रशासन से की। इधर शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हादसा होने के बाद गाँव में शोक छा गया था। दोपहर में दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कराया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved