काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान (Taliban in Afghanistan) ने पाकिस्तान को सैन्य कार्रवाई को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद (Zabihullah Mujahid) ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया तो अफगान पक्ष अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करेगा। उन्होंने यह बयान पाकिस्तान के उस आरोप के बाद दिया है, जिसमें कहा गया था कि अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल पाकिस्तानी सीमा में हमलों के लिए किया जा रहा है।
अल अरबिया इंग्लिश से बातचीत में मुजाहिद ने कहा कि अगर पाकिस्तान अफगान क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने के लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 का इस्तेमाल करता है, तो अफगानिस्तान को भी अपने देश की रक्षा करने का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की ओर से किसी सैन्य कार्रवाई की स्थिति में तालिबान अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा।
तालिबान प्रवक्ता ने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें पाकिस्तान की ओर से कहा गया था कि अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल आतंकवादियों की भर्ती, प्रशिक्षण और उन्हें हथियार उपलब्ध कराने के लिए किया जा रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में प्रशिक्षण लेने वाले लड़ाके पाकिस्तानी क्षेत्र में हमले करते हैं। पाकिस्तान की सेना के प्रवक्ता भी हाल में अफगानिस्तान पर इसी तरह के आरोप लगा चुके हैं।
मुजाहिद ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बावजूद काबुल पाकिस्तान के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहता है।
मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और सहयोग के लिए एक मजबूत तंत्र विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता में सऊदी अरब की भूमिका का भी स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि सऊदी अरब अफगानिस्तान और पाकिस्तान दोनों का मित्र है और दोनों देशों के बीच मतभेदों को सुलझाने में सकारात्मक भूमिका निभा सकता है।
अफगानिस्तान ने जून की शुरुआत में आरोप लगाया था कि पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों में करीब 13 लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हुए। तालिबान के मुख्य प्रवक्ता के अनुसार, ये हवाई हमले अफगानिस्तान के खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों में किए गए थे।
तालिबान के अनुसार, मृतकों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग पुरुष शामिल थे।
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के अनुसार, एक हमले के बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें छह कांस्टेबल मारे गए और कई अन्य घायल हुए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में आठ हमलावरों को मार गिराया और सुरक्षा चौकी पर कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पार हमलों तथा आतंकवाद के आरोपों को लेकर तनाव बना हुआ है। ऐसे में तालिबान की ताजा चेतावनी से दोनों देशों के बीच पहले से जारी विवाद और गंभीर होने के संकेत मिले हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved