कराची। पाकिस्तान (Pakistan) में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों (Rising petrol prices) के खिलाफ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सिंध से जुड़े विधायकों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को कई विधायक गधा गाड़ियों (Donkey carts) पर सवार होकर सिंध विधानसभा पहुंचे और सरकार से पेट्रोल की बढ़ी कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन की अगुवाई पीटीआई नेता सज्जाद अली ने की। वह हाथ में पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में लिखी तख्ती लेकर गधा गाड़ी पर सवार थे। उनके साथ पार्टी के अन्य विधायक भी गधा गाड़ियों से विधानसभा के एंट्री गेट तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
‘पेट्रोल महंगा, इसलिए गाड़ियों से आना मुश्किल’
प्रदर्शन के दौरान सज्जाद अली ने कहा कि पेट्रोल इतना महंगा हो गया है कि आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी रोजाना सफर करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार के मंत्रियों और सत्ता पक्ष के विधायकों से भी इसी तरह गधा गाड़ी से विधानसभा पहुंचने को कहा।
उन्होंने पेट्रोल की बढ़ती कीमत को जनता पर डाला जा रहा ‘पेट्रोल बम’ बताया। पीटीआई नेता के मुताबिक प्रदर्शन का उद्देश्य बढ़ती ईंधन कीमतों से आम लोगों को हो रही परेशानी को सामने लाना है।
390.79 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हुआ पेट्रोल
हालिया बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 390.79 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बताई गई है। वहीं हाई-स्पीड डीजल की कीमत 424.92 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। इन कीमतों में सरकार की ओर से लगाए गए टैक्स और टैरिफ भी शामिल हैं।
बताया गया है कि पेट्रोल पर करीब 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स एवं टैरिफ शामिल है। मध्य पूर्व में फिर शुरू हुई हिंसा के कारण तेल की प्रमुख आपूर्ति मार्गों पर असर पड़ने से पिछले दो महीनों में ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
पाकिस्तान बार काउंसिल ने भी जताई चिंता
ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर पाकिस्तान बार काउंसिल की कार्यकारी समिति और नियम समिति ने भी चिंता जताई है। दोनों समितियों ने सरकार से आम लोगों को राहत देने की मांग की है।
बढ़ती ईंधन कीमतों का असर कम करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटे वाहनों के लिए राहत योजना शुरू की है। इसके तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा और अन्य दोपहिया-तिपहिया वाहनों को हर महीने 20 लीटर पेट्रोल पर राहत देने का प्रावधान है।
वहीं, 800 सीसी तक की कारों के मालिकों को हर महीने 30 लीटर पेट्रोल पर 100 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की राहत देने की व्यवस्था बताई गई है। इस बीच विपक्षी दलों का विरोध पेट्रोल की कीमतों में तत्काल कमी की मांग को लेकर जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved