
बसों और टैक्सी की भी जांच… वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद कार्रवाई
इन्दौर। आज सुबह यातायात (traffic) बाधित करने वाले अव्यवस्थित लोक परिवहन वाहनों (Public transport vehicles) के खिलाफ यातायात पुलिस ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। सुबह 7 बजे से एमवाय अस्पताल के सामने, दवा बाजार, मधुमिलन, सरवटे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 व 4 और पार्क रोड स्टेशन क्षेत्र में यातायात की टीमें उतरीं। यातायात बाधित करते ई-रिक्शा (e-rickshaw), ऑटो (auto) और बसों पर कार्रवाई के साथ उनके दस्तावेजों की जांच भी की गई।
यातायात पुलिस ने लगातार इन क्षेत्रों में बीच सड़क बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर सवारी चढ़ाने-उतारने और यातायात बाधित करने की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद कार्रवाई की। ऑटो, ई-रिक्शा के साथ ही बसों और टैक्सी के दस्तावेज भी जांचे गए, जिन वाहनों के दस्तावेज पूरे नहीं मिले उन्हें यातायात पुलिस ने जब्त किया है। एडिशनल डीसीपी (पूर्व) विक्रम सिंह रघुवंशी ने बताया कि इन स्थानों से यातायात बाधित होने और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बार-बार समझाइश देने के बाद भी हालात नहीं सुधर रहे थे। आज सुबह से लेकर खबर लिखे जाने तक 20 से अधिक ऑटो, ई-रिक्शा और बसों पर चालानी कार्रवाई के साथ कुछ वाहन को जब्त भी किया गया। रघुवंशी के मुताबकि, फिलहाल दो से तीन दिन लगातार इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
मौके से भागे
निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के टीम के साथ देखकर सरवटे और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के ऑटो, ई-रिक्शा चालकों में हडकंप मच गया। कार्रवाई के लिए टीम को आता देख कई चालक मौके से भाग गए। इस दौरान सिटी बस चालकों को भी नियम से चलने की टीम ने समझाइश दी। ड्रोन से भी सर्विलांस किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved