
इंदौर। इंदौर के तुकुगंज थाना पुलिस ने कंप्यूटर पार्ट्स चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उसी दुकान में कर्मचारी के तौर पर काम करते थे और उन्होंने करीब 5 लाख रुपये कीमत के कंप्यूटर पार्ट्स चोरी किए थे। आरोपियों के कब्जे से फॉक्सकॉन कंपनी के कंप्यूटर पार्ट्स और इंटेल कंपनी के प्रोसेसर सहित चोरी का माल बरामद किया गया है।
दरअसल, तुकुगंज थाना क्षेत्र में एलजी इन्फोसिस्टम के मालिक धर्मेंद्र मिश्रा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी दुकान से कंप्यूटर पार्ट्स चोरी हुए हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक युवक दो हार्ड डिस्क बेचने पहुंचा था। दोनों हार्ड डिस्क के सीरियल नंबर Z52BQJ48 और Z9LBJQWR बताए गए। पुलिस ने जब इन सीरियल नंबर का मिलान किया तो दोनों हार्ड डिस्क फरियादी की दुकान की निकलीं। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अंकित और दीवान सिंह नेतराम सहित चारों आरोपी उसी दुकान में कर्मचारी के तौर पर काम करते थे।पूछताछ में चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फॉक्सकॉन कंपनी के सामान, इंटेल कंपनी के प्रोसेसर और अन्य कंप्यूटर पार्ट्स सहित करीब 5 लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी के माल को खपाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved