
इन्दौर। शहर की प्रमुख चोइथराम फल मंडी में रविवार देर रात एक दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लपटों की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों का सेवफल और पास खड़े पांच ठेले जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक आशंका के अनुसार आग शार्ट सर्किट के कारण लगी।
फायर ब्रिगेड नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 11.24 बजे चोइथराम मंडी स्थित विक्की पिता मोतीराम की फल दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। खबर मिलते ही मोती तबेला फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां और बचाव दल तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
मंडी परिसर में लपटें उठती देख आसपास के व्यापारियों और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और करीब 5 हजार लीटर पानी का उपयोग कर रात 12.10 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आगजनी की इस घटना में फल व्यापारी विक्की का भारी नुकसान हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved