
इंदौर। राजबाड़ा पर सिटी बस से हुए हादसे के बाद यहां सिटी बसों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध और डायवर्ट हुए सिटी बसों के रूट में देर रात फिर यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बदलाव किया है। कल तक बसें कृष्णपुरा छत्री तक आ रही थीं, लेकिन नंदलालपुरा पर दबाव के चलते अब सिटी बसें मृगनयनी से ही रूट बदलकर चलेंगी।
कल फिर देर रात डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी पश्चिम क्षेत्र की यातायात टीम के अधिकारियों के साथ राजबाड़ा पर व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। कल दिनभर यातायात पुलिस के एनालिसिस के बाद निर्णय लिया गया है कि आज से बसें मृगनयनी से ही सवारियां ले और छोड़ सकेंगी। संजय सेतू और नंदलालपुरा पर ट्रैफिक के दबाव के कारण ये निर्णय लिया गया है। हालांकि, सुबह बसों पर कोई रोक नहीं रहेगी। ये व्यवस्था सुबह 10 से रात 10 बजे तक के लिए होगी। डीसीपी ट्रैफिक त्रिपाठी ने बताया कि कल जवाहर मार्ग पर सिटी बसों के मुड़ने पर दिक्कत आई है।
संजय सेतु और नंदलालपुरा पर दबाव बढ़ने से अन्य यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते आज से कलेक्ट्रेट से आने वाली सिटी बसें मोती तबेला से हरसिद्धि से आकर मच्छी बाजार से यू टर्न लेकर नई सड़क से संजय सेतु आएंगी। यहां से बसें मृगनयनी होते हुए नगर निगम और अन्य तरफ जा सकेंगी, वहीं जो बसें पटेल प्रतिमा, बस स्टैंड से इस तरफ आ रही हैं, वो मृगनयनी से संजय सेतु होते हुए चंद्रभागा वाली नई सड़क से लेफ्ट टर्न लेकर कलेक्ट्रेट तक जा पाएंगी। डीसीपी त्रिपाठी के मुताबिक, यातायात के दबाव और अन्य को देखते हुए इस व्यवस्था में सापेक्षित परिवर्तन किए जा सकेंगे।
सवारियों को चलना होगा पैदल
सुबह के समय तो बसें आ पाएंगी, लेकिन बाजार शुरू होने और यातायात पुलिस ड्यूटी समय शुरू होते ही बसों को लेने के लिए सवारियों को लंबा पैदल चलना होगा। पिछली बार भी जब ये व्यवस्था हुई थी, तो सवारियों और यहां आने वाले खरीदारों खासकर महिलाओं का खासी परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद ये फैसला वापस लेना पड़ा था।
संकरा चौराहा और नीची वायरिंग बनी परेशानी
अधिकारियों के मुताबिक, व्यवस्था में परिवर्तन का एक और बड़ा कारण नंदलालपुरा चौराहे से कबूतरखाना की तरफ आने वाली सड़क की नीची वायरिंग है। इससे हादसे का खतरा है। इसके अलावा यशवंत रोड चौराहे के संकरा होने के कारण सिटी बसों को वहां से मुड़ने में परेशानी भी हो रही है।
ई-रिक्शा, ऑटोवालों की हो रही बल्ले-बल्ले
यातायात पुलिस की कल से ड्यूटी टाइम से शुरू हुई सख्ती के बाद राजबाड़ा क्षेत्र में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की बल्ले-बल्ले हो गई। सवारियों के लिए यहां कई चालकों की गुत्थमगुत्था देखी गई। हालांकि, इस क्षेत्र में इनके भी प्रवेश पर रोक है, लेकिन फिलहाल कार्रवाई के अलावा इन पर कोई सख्ती नहीं होती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved