
जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश और पुराने मामलों के खुलासे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 13 की प्रज्ञा विहार कॉलोनी का है, जहां बीती रात चार अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रही अकेली महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, महिला के पति घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चार बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। घर में अकेली सो रही आरती विश्वकर्मा की नींद खुली तो उन्होंने बदमाशों को देखकर शोर मचाने की कोशिश की। महिला के मुताबिक, बदमाशों ने उनका मुंह बंद कर दिया और हाथ पीछे की ओर पकड़कर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद दो बदमाशों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी समेट ली, जबकि अन्य बदमाश महिला को काबू में किए रहे।
पीडि़ता के अनुसार, बदमाश सोने का मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, बच्चों के लॉकेट, बिंदिया, चांदी की करधन सहित अन्य सामान और 50 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है।
पुरानी चोरियों के खुलासे पर भी सवाल
खितौला क्षेत्र की पालीवाल कॉलोनी और नेशनल हाईवे-30 के दूसरी ओर स्थित कॉलोनियों में भी पहले चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय स्तर पर करीब 11 लाख रुपये की चोरी सहित अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए इन घटनाओं के खुलासे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में प्रज्ञा विहार कॉलोनी की इस वारदात ने एक बार फिर पुलिस की जांच और चोरियों पर नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल खितौला पुलिस मामले की जांच कर रही है। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है और इस वारदात का खुलासा कर पाती है या मामला भी पुराने चोरी के मामलों की तरह अनसुलझा रह जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved