img-fluid

बैंक अपनी जगह, लेकिन पार्किंग सड़क पर!

October 27, 2026

  • जाम से जूझ रहा सिहोरा, एक दर्जन से अधिक बैंकों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं

सिहोरा। नगर की यातायात व्यवस्था पर पार्किंग विहीन बैंक शाखाएं भारी पड़ रही हैं। मुख्य मार्गों पर संचालित अधिकांश बैंकों में ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में लोग दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे और फुटपाथ पर खड़े कर देते हैं। बैंक खुलने से लेकर बंद होने तक कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है। इससे न केवल वाहन चालकों को परेशानी होती है, बल्कि पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।



  • शहर के उन प्रमुख मार्गों पर समस्या अधिक गंभीर है, जो अस्पताल और रेलवे स्टेशन को जोड़ते हैं। बैंकिंग कार्य के लिए आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क के बड़े हिस्से पर खड़े होने से मार्ग संकरे हो जाते हैं। स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि इस समस्या की ओर लंबे समय से ध्यान दिलाया जा रहा है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

    व्यावसायिक भवनों में पार्किंग के नियमों की अनदेखी
    सिहोरा में एक दर्जन से अधिक बैंक शाखाएं संचालित हैं। इनमें से कई के पास ग्राहकों के वाहनों को खड़ा करने के लिए निर्धारित पार्किंग उपलब्ध नहीं है। अधिकांश बैंक ऐसे व्यावसायिक या रिहायशी भवनों में चल रहे हैं, जहां पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राहक मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।

    पहले भी दिए गए सुझाव, लेकिन समस्या बरकरार
    स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पूर्व में पुलिस और नगर प्रशासन की ओर से बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के सुझाव दिए गए थे। मुख्य मार्गों पर वाहनों की कतारों के कारण कई बार आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। नागरिकों का कहना है कि केवल चालानी कार्रवाई से समस्या खत्म नहीं होगी। बैंक प्रबंधन, नगर पालिका और पुलिस प्रशासन को मिलकर स्थायी समाधान निकालना होगा।

    निरीक्षण के बाद होगी चालानी कार्रवाई:सीएमओ
    मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप झरिया ने बताया कि नगर की मुख्य सड़कों से लगी बैंक शाखाओं का जल्द निरीक्षण कराया जाएगा। जहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं मिलेगी, वहां संबंधित बैंक प्रबंधन को नियमानुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

    Share:

  • गोकलपुर में देवी जागरण के दौरान हिंसक झड़प

    Tue Oct 27 , 2026
    महिलाओं समेत 8 से 10 लोग घायल, मोटरसाइकिल की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकलपुर के आजाद नगर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान विवाद के बाद हिंसक झड़प होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved