
उज्जैन। भगवान महाकाल एक बार फिर प्रजा को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे। कार्तिक मास में 16 नवंबर को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। इसके साथ ही कार्तिक अगहन मास की सवारियों का क्रम शुरू हो जाएगा। इस बार दोनों महीनों में पांच बार बाबा महाकाल नगर भ्रमण करेंगे।
खास बात यह है कि कार्तिक मास की दूसरी सवारी 23 नवंबर को वैकुंठ चतुर्दशी के विशेष संयोग में निकलेगी। इस दिन शाम चार बजे बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी। इसके बाद रात 11 बजे हरिहर मिलन की सवारी गोपाल मंदिर पहुंचेगी। यहां मध्यरात्रि 12 बजे भगवान महाकाल और भगवान विष्णु का हरिहर मिलन होगा। इसके बाद रात 2 बजे सवारी पुन: गोपाल मंदिर से महाकाल मंदिर के लिए रवाना होगी।
रामघाट पर करेंगे तीर्थ पूजन
कार्तिक मास में स्नान, दीपदान तथा तीर्थपूजा का महाफल बताया गया है, लौकिक जगत में भगवान महाकाल उज्जैन के राजा माने गए हैं, इसलिए वें लौकिक परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रतिवर्ष कार्तिक अगहन मास में तीर्थ पूजन के लिए मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पहुचंते हैं। यहां विधि-विधान से भगवान महाकाल व तीर्थ पूजन किया जाता है। रामघाट पर सवारी पहुंचने के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। वैकुंठ चतुर्दशी पर अनूठा होगा हरिहर मिलन 23 नवंबर को कार्तिक मास की दूसरी सवारी पर हरिहर मिलन का विशिष्ट संयोग बन रहा है। इस दिन भगवान महाकाल एक ही दिन में दो बार नगर भ्रमण पर निकलेंगे शाम चार बजे भगवान महाकाल की कार्तिक मास की दूसरी सवारी निकलेगी। इसके बाद रात 11 बजे हरिहर मिलन की सवारी निकलेगी। अवंतिकानाथ रजत पालकी में सवार होकर गोपालजी से मिलने गोपाल मंदिर पहुंचेंगे। मध्यरात्रि 12 बजे गोपाल मंदिर में हरिहर मिलन की परंपरा निभाई जाएगी। इस अनूठे आयोजन के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। रात दो बजे बाबा महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर से पुन: महाकाल मंदिर के लिए रवाना होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved