
उज्जैन। कचरे को सिर्फ शहर से हटाने के बजाय उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की सोच ने उज्जैन को देश में अव्वल बना दिया। मंदिरों में चढऩे वाले फूलों से अगरबत्ती और धूपबत्ती, घाटों पर छोड़े गए पुराने कपड़ों से पेपर बैग और निर्माण मलबे से पेवर ब्लॉक तैयार करने जैसे नवाचारों ने शहर को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इसी काम के दम पर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
घाटों के पुराने कपड़ों से बन रहे पेपर बैग
रामघाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े जाने वाले पुराने कपड़ों का भी उपयोग किया जा रहा है। इन कपड़ों से डिपो चौराहा स्थित संयंत्र में पेपर बैग तैयार किए जा रहे हैं। इस काम का संचालन सौम्या स्व-सहायता समूह कर रहा है। इससे घाटों पर जमा होने वाले अनुपयोगी कपड़ों का निस्तारण होने के साथ उपयोगी सामग्री भी तैयार हो रही है।
गीले कचरे से बिजली, मलबे से पेवर ब्लॉक
शहर के मक्सी रोड स्थित बायोमेथेनेशन संयंत्र में सब्जी मंडी और बड़े कचरा उत्पादकों से निकलने वाले गीले कचरे से बिजली बनाई जा रही है। वहीं एमआर-5 रोड स्थित प्रतिदिन 100 टन क्षमता वाले संयंत्र में निर्माण और तोडफ़ोड़ से निकलने वाले मलबे को पेवर ब्लॉक में बदला जा रहा है। कचरे के इन अलग-अलग स्रोतों का उपयोग कर नगर निगम ने स्वच्छता को केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे संसाधन और रोजगार से जोडऩे का प्रयास किया है। यही नवाचार उज्जैन की राष्ट्रीय उपलब्धि का आधार बने।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved