
इंदौर। आंवला नवमी (Amla Navami) पर शहर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित अतिप्राचीन श्री रणजीत हनुमान मंदिर (Ranjeet Hanuman Temple) में हुए चलित भंडारे में रात 3 बजे तक भक्तों के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा। रात 2.45 बजे आखिरी भक्त को प्रसाद देकर भंडारे (chalit bhandara) का समापन हुआ। इस दौरान मंदिर के सैकड़ों भक्तों, निजी गार्ड और पुलिस ने व्यवस्था संभाली।
हर साल की तरह इस साल भी आंवला नवमी पर परंपरानुसार शहर के कई प्राचीन मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन अन्नकूट में हजारों भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। श्री रणजीत हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि शाम को 6.30 बजे महाआरती और 101 मंदिर में गए भोग के बाद बाबा के जयकारे के साथ भक्तों में अन्नकूट का प्रसाद वितरण शुरू किया गया। चलित भंडारे के लिए बाहर मेन रोड पर अंदर के दबाव को कम करने के लिए जिक-जैक व्यवस्था तो अंदर की तरफ महिला और पुरुषों की चार-चार लाइन लगवाई गईं। रात तक शहर के करीब 70 हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान भक्त मंडल के करीब 700 सदस्य, 60 निजी गार्ड, पुलिस बल के अलावा 82 कैमरों से भी नजर रखी गई। रात करीब 3 बजे तक परिसर खाली हो गया।
31 दिसंबर को प्रभातफेरी
पं. व्यास के मुताबिक अब मंदिर का आगामी बड़ा आयोजन 31 दिसंबर को होगा, जिसका सालभर शहर ही नहीं, बाहर के भक्त भी इंतजार करते हैं। इस दिन प्रभातफेरी निकलेगी। अब मंदिर में इसकी तैयारियां धीरे-धीरे शुरू कर दी जाएंगी। मंदिर में चार दिवसीय रणजीत अष्टमी पर्व की शुरुआत ध्वजारोहण से होती है। दीपोत्सव, भजन संध्या, अभिषेक, रक्षासूत्र सिद्ध करने के बाद चौथे दिन प्रात: स्वर्ण रथ में सवार होकर बाबा भक्तों को आशीर्वाद देने भ्रमण पर निकलते हैं।
अलीजा सरकार धाम में 60 हजार भक्त
वीर अलीजा सरकार धाम में आयोजित तीन दिवसीय अन्नकूट महोत्सव भी कल महाप्रसादी के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन शाम 6 बजे महाआरती के बाद महाप्रसादी वितरण प्रारंभ किया गया। आयोजन में करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर हनुमानजी के दर्शन किए और महाप्रसादी ग्रहण की। प्रसादी वितरण अंतिम श्रद्धालु के प्रसाद ग्रहण करने तक जारी रहा। महोत्सव में हनुमानजी का 1 किलो केसर से विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद भक्तों को केसर प्रसाद स्वरूप वितरित की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved