
जबलपुर। छठ पर्व समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार से महाराष्ट्र, गुजरात एवं दक्षिण भारत के शहरों की ओर काम पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। प्रयागराज से सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी रेल मार्ग से होकर मुंबई, पनवेल, सूरत, अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई जाने वाली लंबी दूरी की सभी प्रमुख गाडिय़ां पूरी तरह पैक चल रही हैं।
आगामी 1 सप्ताह तक नियमित एवं साप्ताहिक ट्रेनों में आरक्षण मिलना बेहद कठिन हो गया है। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए छपरा से उधना के बीच 18 कोच वाली विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, लेकिन पवन, जनता, महानगरी, मुंबई मेल और गोदान एक्सप्रेस जैसी प्रमुख गाडिय़ों में दिसंबर माह तक लंबी प्रतीक्षा सूची बनी हुई है।
सप्ताहांत में मुंबई मार्ग पर सर्वाधिक यात्री दबाव
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में सबसे अधिक दबाव मुंबई और गुजरात दिशा की ओर जाने वाली गाडिय़ों पर देखा जा रहा है। विशेष रूप से शनिवार, रविवार और सोमवार के दिनों में यात्रा करने वालों की संख्या काफी बढ़ गई है। आरक्षित श्रेणी में जगह नहीं मिलने के कारण हजारों यात्री सामान्य टिकट खरीदकर जनरल कोच में सफर करने को मजबूर हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved