
इंदौर। प्लाट के लिए रिटायर्ड फौजी का अपहरण कर उसे धमकाने और जबरदस्ती उससे दस्तखत कराने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस कार्रवाई हुई है। बताया जा रहा है कि धमकाने वाला फौजी के घर में पैसों से भरा बैग भी लेकर पहुंचा था और उसे लालच देने की कोशिश की और धमकाते हुए दस्तावेज भी छीन लिए, फिर उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए।
राजेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि बताया कि संजय महाजन निवासी राजरानी नगर की शिकायत पर जीतू उर्फ जितेंद्र तिंदोरी निवासी ग्राम मुंडी के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि संजय ने तीन साल पहले शुभम वैली राऊ में एक भूखंड का विक्रय अनुबंध किया था, जिसका झगड़ा चल रहा था।
दो माह पहले जीतू कार से फरियादी के घर पहुंचा और 20 लाख रुपए देने का कहते हुए प्लाट का मामला खत्म करने के लिए धमकाने लगा। उसने पैसों से भरा बैग रखा और संजय से एग्रीमेंट और भूखंड से संबंधित डायरी छीन ली। इसके बाद संजय को कार में बैठाया और फिर अपने साथी के साथ उसे जिला न्यायालय लेकर गया और डरा-धमकाकर शपथपत्र और रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद धमकाया कि पुलिस को शिकायत की तो जान से मार देगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved