
इंदौर। यात्रियों की कमी के चलते जहां क्षमता से कम ट्रेनें अभी गांधी नगर से रेडिसन तक शुरू हुए 17 किलोमीटर के एलिवेटेड कॉरिडोर पर संचालित की जा रही है वहीं अब आज से समय सारणी में भी संशोधन करना पड़ा है। अब सुबह की बजाय दोपहर 1 से रात 9 बजे तक यानी 8 घंटे मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी।
इंदौर मेट्रो के पहले चरण में जो कुल 32 किलोमीटर का ट्रैक तैयार किया जा रहा है, हालांकि इसमें अभी 3 से 4 साल का समय लगेगा और उसके बाद ही यात्रियों की सही संख्या का आंकलन हो सकेगा। अभी एयरपोर्ट से गांधी नगर को जोडऩे के लिए अंडरग्राउंड रुट का काम भी शुरू कराया है और मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का प्रयास है कि सिंहस्थ तक यह हिस्सा तैयार हो जाए, ताकि एयरपोर्ट से लेकर विजय नगर तक की कनेक्टीविटी मिल सके, जिससे हवाई यात्री भी मेट्रो का इस्तेमाल अधिक संख्या में करने लगेंगे।
अब आज से मेट्रो का समय दोपहर 1 बजे से शाम साढ़े 4 बजे तक प्रत्येक 35 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएगी और फिर साढ़े 4 बजे से रात 9 बजे तक प्रत्येक 20 मिनट में मेट्रो सेवा मिलेगी। अभी गांधी नगर से विजय नगर के एलिवेटेड कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन जारी है। दूसरी तरफ प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने एलिवेटेड और अंडरग्राउंड के चल रहे कार्यों का अवलोकन भी किया। खासकर शहीद पार्क और खजराना क्षेत्र के अलावा एयरपोर्ट की ओर जारी प्रगति कार्य का अवलोकन किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved