
इंदौर। इंदौर में विदेश यात्रा कराने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कनाडा और अलास्का क्रूज की यात्रा, वीजा और एयर टिकट बुकिंग कराने का झांसा देकर एक महिला ने फरियादी से 14 लाख 38 हजार रुपए से ज्यादा की रकम हड़प ली। आरोपी महिला ने फर्जी एयर टिकट पीएनआर और गलत बायोमेट्रिक तारीख देकर फरियादी को गुमराह किया और बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गई। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।
दरअसल इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार की गई महिला की पहचान 28 वर्षीय पूजा सिंह उर्फ पूजा तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी परिवार के साथ कनाडा और अलास्का क्रूज की विदेश यात्रा पर जाना चाहता था। इसी दौरान परिचित के माध्यम से पूजा से संपर्क हुआ, जिसने खुद को ट्रैवल एजेंट बताकर वीजा, क्रूज रिजर्वेशन, होटल और एयर टिकट बुकिंग कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच महिला ने अपने पति के बैंक खाते में 8 लाख 67 हजार 947 रुपए जमा करवाए, जबकि मेक माय ट्रिप और एयरबीएनबी होटल बुकिंग के नाम पर 5 लाख 70 हजार 55 रुपए अलग से लिए। कुल 14 लाख 38 हजार 2 रुपए लेने के बाद न तो वीजा दिलाया और न ही टिकट उपलब्ध कराए। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक न्यासभंग की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अब पुलिस ठगी की रकम की बरामदगी और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved