नई दिल्ली (New Delhi)। दिल्ली महापौर चुनाव (Delhi Mayor Election) से ठीक पहले आप (APP) की निगम पार्षद सुनीता (Councilor Sunita) और पूर्व पार्षद रामनिवास (Former Councilor Ram Niwas) ने सोमवार को भाजपा (BJP) का दामन थाम लिया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) और सांसद प्रवेश साहिब सिंह (MP Pravesh Sahib Singh) की उपस्थिति में दोनों पार्टी में शामिल हुए। उधर, आप ने भाजपा पर पार्षदों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया है।
सुनीता द्वारका स्थित वार्ड नंबर 130 से आप के टिकट पर पार्षद चुनी गई थीं। इस दौरान सचदेवा ने कहा कि भाजपा बीते 18 महीनों से आप के भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रही है। पार्टी नए भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है। उसी का परिणाम है कि आप के पार्षद भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
उधर, आप ने भाजपा पर पार्षदों के खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। आप विधायक व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि एमसीडी चुनाव हारने के बाद भाजपा किसी भी तरह से पार्षदों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षदों को खरीदने के लिए भाजपा करोड़ों रुपये ऑफर कर रही है, वह सफल नहीं होंगे।
पाठक ने कहा कि इनकी कोशिश है कि साम दाम दंड भेद किसी भी तरह से पार्षदों की खरीद-फरोख्त करें। फिर एमसीडी की सत्ता में बैठ जाएं। उन्होंने कहा कि एमसीडी इनके लिए लूट का अड्डा है। जब से भाजपा एमसीडी चुनाव हारी है, तब से बेचैन है। गौरतलब है कि एमसीडी चुनाव खत्म होने के बाद आम आदमी पार्टी के दो पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
मुकेश गोयल होंगे मेयर चुनाव में पीठासीन अधिकारी
दिल्ली नगर निगम चुनाव में मुकेश गोयल पीठासीन अधिकारी होंगे। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने उनके नाम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।