भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बिनोद मिल की जमीन के शासन ने अपने हिस्से के 10 करोड़ जमा किए, श्रमिकों को शीघ्र मिलेगी राशि

  • तारामंडल में बनेगा विज्ञान केन्द्र-हीरा मिल की चाल के बीच से निकलेगा फोरलेन-उज्जैन में लगेंगे नये उद्योग-डॉ. मोहन यादव की पत्रकार वार्ता

उज्जैन। बिनोद बिमल मिल के श्रमिकों की 100 करोड़ की राशि देने का रास्ता साफ हो गया है तथा राज्य शासन ने अपने हिस्से की 10 प्रतिशत राशि 10 करोड़ रुपए जमा करा दी है। इसी के साथ बिनोद मिल गेट से हीरामिल की चाल तक नया रोड निकाला जा रहा है जिससे क्षेत्र में नया विकास होगा और महानंदानगर क्षेत्र में स्थित तारामंडल की 5 एकड़ जमीन पर विज्ञान केन्द्र स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने बृहस्पति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस दौरान विधायक पारस जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी भी मौजूद थे। बिनोद बिमल मिल के मजदूरों को 30 साल से अधिक समय के बाद उनका ग्रेजुएटी एवं पीएफ फंड का पैसा मिलने का रास्ता साफ हो गया है, क्योंकि राज्य सरकार ने अपना अंश 10 करोड़ रूपये मिल के खाते में जमा करा दिए हैं।


डॉ. यादव ने बताया कि अब तक कोर्ट एवं अन्य मामलों के चलते बार बार विनोद विमल मिल के मजदूरों को पैसा देने में बाधा उत्पन्न हो रही थी। लेकिन अब यह रास्ता साफ हो चुका है, क्योंकि राज्य सरकार ने अपने अंश की ग्यारंटी 10 प्रतिशत 10 करोड़ रूपये खाते में डाल दी है और जल्द ही जमीन बेचने के टेण्डर भी जारी हो रहे हैं। जैसे ही राशि मिलेगी मिल मजदूरों का तुरंत हिसाब कर दिया जाएगा। विधायक पारस जैन ने यह भी बताया कि प्रयास किए जा रहे हैं कि दीपावली तक यह पैसा मजदूरों एवं उनके परिजनों को मिल सकें। यदि यह संभव नहीं हो पाया तो टेण्डर की राशि आते ही तुरंत मजदूरों का पूरा हिसाब किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बिनोद बिमल मिल के कई मजदूर ग्रेजुएटी फंड के रूपये का इंतजार करते करते स्वर्ग सिधार गए है। ऐसे में अब उनकी यह राशि उनके परिजनों को दी जाएगी। बिनोद विमल मिल के मजदूर कई वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे है।

साढ़े 7 किमी सड़कें और साइंस सिटी शुरू करने के कार्य का भूमिपूजन करेंगे मुख्यमंत्री
शहर में एक तरफ उद्योग की व्यवस्था सुधरेगी। वहीं दूसरी तरफ साइंस सिटी बनने जा रही है। दोनों ही कार्यों पर 33 करोड़ रूपये से अधिक खर्च होंगे। इन कार्यों का भूमिपूजन मुख्यमंत्री 30 सितंबर को करने वाले है। देवास रोड और मक्सी रोड उद्योगपुरी की सड़कें बदहाल हो चुकी थी और इनको सुधारने की सुध अब सरकार ने ली है। पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया मक्सी रोड उद्योगपुरी के लिए 10 करोड़ 80 लाख रूपये की स्वीकृति राशि आ चुकी है। इससे 5 किमी लंबी सड़क और नालिया बनाई जाएगी। वहीं देवास रोड उद्योगपुरी के लिए 8 करोड़ 7 लाख रूपये की राशि स्वीकृत हुई है। इसमें ढाई किमी सड़कें और नाली तथा पुलिया बनाई जाएगी। इसके अलावा तारामंडल के पास की 5 एकड़ जमीन पर साइंस पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए 15 करोड़ 20 लाख रूपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। इस साइंस पार्क में विभिन्न कॉलेजों एवं विज्ञान संस्थानों के छात्र रिसर्च कार्य कर सकेंगे। इस पार्क में उनके लिए आधुनिक यंत्र उपलब्ध रहेेंगे। इन सभी कार्यों का भूमि पूजन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान करेंगे।

Share:

Next Post

Dengu के मरीज बढ़े तो बुखार का Survey शुरू करना पड़ा

Sun Sep 26 , 2021
मलेरिया अधिकारी भी हुए बीमार-कल शाम फिर 15 नए पॉजीटिव केस सामने आ गए उज्जैन। स्वास्थ्य तथा मलेरिया विभाग के लगातार प्रयास के बावजूद शहर एवं जिले में डेंगू के मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है। कल शाम आई रिपोर्ट में डेंगू के 15 नए केस सामने आ गए। इसके बाद मलेरिया विभाग […]