जबलपुर न्यूज़ (Jabalpur News)

बागेश्वर पीठाधीश्वर आज से करेंगे श्रीमद् भागवत कथा का वाचन

  • भागवत कथा का शुभारंभ शाम 4 बजे से, कलश शोभायात्रा ने बनाया रिकार्ड, उमड़ा जन सैलाब

जबलपुर। पूरे विश्व में भारतीय आध्यात्म की ध्वज पताका फहरा रहे श्री बागेश्वर धाम सरकार आज से पनागर में श्रीमद भागवत कथा की ज्ञान मीमांसा करेंगे। कथा में शमिल होने पूरे देश से धर्म प्रेमियों का संस्कारधानी में आगमन हो रहा है। कथा की सभी तैयारियां पूर्ण कर लीं गई हैं। कथा के पूर्व शुक्रवार को विशाल कलश शोभायात्रा निकली। अपने आप में अद्भुत और अलौकिक ये शोभायात्रा जिसने भी देखी, उसने इसकी भव्यता-दिव्यता को भगवत कृपा और बागेश्वर धाम सरकार का आशीर्वाद ही माना। आयोजन की तैयारियां लंबे समय से की जा रहीं थीं, पर शोभायात्रा का स्वरूप तैयारियों से भी आगे था। यात्रा हनुमान मंदिर देवरी तिराहा पनागर से प्रारंभ होकर कथा प्रांगण रिलांयस पेट्रोल पंप पनागर पहुंची, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।

आस्था का जन सैलाब
शोभायात्रा में करीब 35 हजार कलशयात्री मातृ शक्ति सम्मिलित हुई। कथा आयोजक क्षेत्रीय विधायक पं. सुशील तिवारी इंदू ने बताया कि भागवत कथा की तरह शोभायात्रा को लेकर भी क्षेत्रवासियों में गजब का उत्साह था। निर्धारित समय से पहले ही कलश सिर पर रखे राधे-राधे कहते महिलाएं प्रारंभ स्थल पर पहुंच गई थीं। देवरी के सिद्ध श्री हनुमानमंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा का श्रीगणेश हुआ। इस दौरान पूरे पनागर में सनातन संस्कृति के प्रतीक भगवा ध्वज लगाए गए । शोभायात्रा में शामिल सभी माताएं-बहने पीताम्बरी वस्त्र में थीं। कलश सिर पर रख कर मंगल गान और भगवत भक्ति उच्चारते हुए वे कथा स्थल पहुंचीं।


यात्रा मार्ग पर पुष्प वर्षा
विधायक श्री तिवारी ने बताया कि शोभायात्रा में शामिल कलशधारी देवियों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। मार्ग के अधिकांश घरों, प्रतिष्ठानों के सामने रांगोली सजाई गई थी। शोभायात्रा में शािमल होने हर घर की महिलाओं को निमंत्रित किया गया था, इस कारण सबकी शोभायात्रा में सहभागिता थी। यात्रा मार्ग पर कई स्वागत मंच बनाए गए थे। सभी मंचों पर भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। ये यात्रा महाकोशल की सबसे बड़ी और भव्य शोभायात्रा थी।

आज 4 बजे से संगीतमय कथा का वाचन
बागेश्वर पीठाधीश्वर कथा व्यास पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का आज शनिवार को चार्टड प्लेन से 2 बजे तक शहर आगमन होगा। 25 से 31 मार्च तक नित्य शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक उनके द्वारा संगीतमय भागवत कथा सुनाई जाएगी। कथा की तैयारियों के लिए एकड़ों के भू भाग पंडाल बनाया गया है। महाराजश्री यहां 27 एवं 28 मार्च को दिव्य दरबार भी लगाएंगे। जिसमे श्रद्धालुओं को भभूति दी जाएगी। विधायक श्री तिवारी ने संस्कारधानी के धर्म प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर भागवत कथा का श्रवण लाभ लेने की अपील की है।

Share:

Next Post

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के विरोध में कांग्रेसियों का प्रदर्शन

Sat Mar 25 , 2023
युवक कांग्रेस ने फंूका प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जबलपुर। तीन पत्ती चौराहे पर युवक कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रद्द की गई सदस्यता का विरोध किया। युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष जितिन राज ने बताया कि देश के जनप्रिय नेता राहुल गांधी ने जिस कन्याकुमारी से कश्मीर […]