
बालाघाट । एमपी के बालाघाट जिले (Balaghat District) के जरामोहगांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां एक पिता (Father) ने अपने दो मासूम बच्चों (children) के साथ कुएं (Wells) में कूदकर जान दे दी। मंगलवार रात घर से लापता होने के बाद तलाशी के दौरान बुधवार को उनके शव बरामद हुए। पिता ने बच्चों को गमछे से अपने शरीर के साथ बांध रखा था। पेशे से एलआईसी एजेंट श्याम ने मौत से पहले सोशल मीडिया पर जीने की इच्छा नहीं होने की भावुक पोस्ट भी साझा की थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव में बुधवार को एक पिता और उसके दो बच्चों के शव कुएं में मिले। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे थे। मृतक जरामोहगांव निवासी श्याम नागेन्द्र पुत्र भागवत एलआईसी एजेंट था। मृतकों में उसका बेटा वंश (5) और बेटी भूरि (3) भी शामिल हैं। गांव में दो शादियां होने के कारण ग्रामीणों और परिवार को लगा कि वह बच्चों को लेकर शादी में गया होगा।
श्याम पहले सहारा बैंक में कंप्यूटर ऑपरेटर था। कंपनी के बंद होने के बाद वह एलआईसी एजेंट बन गया था। बच्चों के साथ आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि श्याम को आत्महत्या करनी थी तो वह अकेले करता बच्चों को लेकर कुएं में कूद कर उसने बड़ी गलती की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था ‘जीने की आरजू नहीं’
ग्रामीणों का कहना है कि श्याम कुछ परेशान सा रहता था। एक दिन पहले श्याम की इंस्टा स्टोरी पर ‘जीने की आरजू नहीं’ लिखा होने की बात सामने आई है। उसने एक दर्दभरा वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें लिखा था- ‘नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता।’ पुलिस तीनों की मौत की हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है।
गमछे से बंधी थी लाशें
एसडीओपी विकाससिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची जिसके बाद कुएं से पिता और उसके दोनों बच्चे वंश और भूरि के शव बाहर निकाले गए। बच्चों के शव गमछे से बंधे हुए थे। पुलिस ने बच्चों की लाशें बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है। जांच के बाद ही सुसाइड की वजह पता चल पाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved