भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कांग्रेस से ज्यादा सक्रिय हैं भाजपा के दिग्गज

रामेश्वर धाकड़, भोपाल
प्रदेश में 28 सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने प्रदेश के दिग्गजों को मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा क्षेत्र में डेरा डाल चुके हैं। संगठन महामंत्री सुहास भगत भी कूछ पड़े हैं। वहीं कांग्रेस से अभी तक सिर्फ पीसीसी चीफ कमलनाथ और अरुण यादव सभाएं कर रहे हैं। जबकि दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा दिल्ली में सक्रिय है और प्रचार में नहीं कूदे हैं। कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह और सुरेश पचौरी अभी घर से नहीं निकले हैं। हालांकि दोनों दलों के सभी विधायक चुनाव मैदान में डटे हैं। जिसकी निगरानी दोनों दलों के प्रदेश कार्यालयों से की जा रही है। प्रदेश में उपचुनाव सरकार बचाने और सरकार बनाने को लेकर हो रहा है। यही वजह है कि दोनों दलों ने पूरी ताकत झौंक दी है। अभी तक चुनावी रणनीति में भाजपा प्रमुख प्रतिद्वंदी दल कांग्रेस से बहुत आगे हैं। भाजपा सभी सीटों पर चुनावी सभाएं कर चुकी हैं। मप्र भाजपा के बड़े नेता हर रोज सभी सीटों पर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा ने उपचुनाव वाली सभी 28 सीटों पर मंडल कार्यक्रम किए थे। जिनमें प्रदेश नेतृत्व ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद एवं विधायकों को उतारा। जबकि कांग्रेस में सिर्फ गिने चुने नेता ही चुनाव सभाएं कर रहे हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पीसीसी चीफ कमलनाथ ने अभी तक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को उपचुनाव से दूर ही रखा है। इसे कमलनाथ की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पिछले महीने तक दिग्विजय सिंह उपचुनाव वाली सीटों पर खासे सक्रिय थे। वे फिलहाल दिल्ली में है और ट्वीटर पर खासे सक्रिय हैं। इसी तरह राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा भी प्रचार में नहीं कूदे हैं। हालांकि उपचुनाव वाली सीटों पर तन्खा की डिमांड नहीं है।

घर से नहीं निकले सुरेश पचौरी कांतिलाल भूरिया और अजय सिंह
मप्र कांग्रेस के बड़े खेमों में गिने जाने वाले नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक कांतिलाल भूरिया और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी अभी सक्रिय नहीं है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता अभी नामांकन प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहेहैं। सभी सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या तय होने के बाद ही सक्रिय होंगे।

कांग्रेस के इकलौते सांसद दिल्ली में, भाजपा के मैदान में
उपचुनाव में दोनों दलों ने विधायकों को भी उतार दिया है। कांग्रेस के सभी विधायक चुनाव क्षेत्रों में सक्रिय हैं। ये विधायक प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह को रिपोर्ट कर रहे हैं। इसी तरह भाजपा विधायक एवं सांसद उपचुनाव क्षेत्रों में सक्रिय हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत सभी विधायक एवं सांसदों पर नजर रखे हुए हैं। कांग्रेस के इकलौते सांसद नकुलनाथ अभी प्रचार के लिए नहीं आए हैं। वे दिल्ली में जमे हुए हैं।

Share:

Next Post

छिलके भी होते हैं फायदेमंद, इन्हें फेकिये मत, जानिए उनमें छिपे फायदों के बारे में

Sat Oct 10 , 2020
फल और सब्जी तो सेहत के लिए फायदेमंद होती हैं, लेकिन उसके छिलके भी उतने ही लाभकारी होते हैं। ऐसे छिलको को अधिकांश घरों के डस्टबिन देखा जाता हैं। हम आपको कुछ जानकारी बता रहे है जिसे जानने के बाद आप उन छिलके को नहीं फेकेंगे। आईये जानते है फल और सब्जियों के क्या-क्या फायदे […]