इंदौर न्यूज़ (Indore News)

शहर कांग्रेस ने 24 समितियां बनाईं, काम क्या करना है किसी भी सदस्य को नहीं मालूम

  • एयरपोर्ट से लेकर यात्रा मार्ग और निमंत्रण कार्ड बांटने की सूची में कई कांग्रेसियों को दो-दो समिति में लिया

इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर शहर कांग्रेस ने 24 छोटी-बड़ी समितियां बना दी हैं और इसमें कांग्रेस के हर नेता को शामिल किया गया है, लेकिन समिति में शामिल नेताओं को ही नहीं मालूम है कि उन्हें क्या करना है। दूसरी ओर विधानसभा स्तर पर प्रभारी भी बनाए गए हैं, उन्हें भी नहीं मालूम है कि वे क्या व्यवस्था देखेेंगे।

कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर इतनी समितियां बना दी हैं कि उन्हें ही समझ नहीं आ रहा है कि वे क्या काम करें। इंदौर में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां संगठन प्रभारी महेन्द्र जोशी प्रभारी रहेंगे, लेकिन उनके साथ करीब 22 लोगों को सदस्य बना दिया गया है। यही नहीं विभिन्न परमिशन के लिए 28 कांग्रेसियों की समिति बना दी है। अब इतने लोग परमिशन समिति में क्या काम करेंगे, ये ही उन्हें नहीं मालूम है। आवास व्यवस्था की जवाबदारी बालमुकुंद गौतम और विधायक विशाल पटेल के पास हैं, लेकिन उनके सहयोगियों के रूप में 36 कांग्रेसियों की नियुक्ति कर दी गई है। इनमें कई महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं।


मीडिया के आवास की व्यवस्था की जवाबदारी शहर कांग्रेस के नजदीकियों को दी गई है। इसमें महिला कांग्रेस अध्यक्ष जया तिवारी, प्रवक्ता सनी राजपाल और धर्मेन्द्र गेंदर को सदस्य बनाया गया है। यातायात व्यवस्था 15 लोगों को दी गई है। होर्डिंग्स और पोस्टर लगाने की जवाबदारी 16 लोगों को दी है, लेकिन यहां भी नेता अपने हिसाब से पोस्टर और होर्डिंग्स लगाते जा रहे हैं, जिन्हें निगम की टीम ने निकाल फेंका है। एयरपोर्ट से अतिथियों को लाने ले जाने के लिए 15 नेताओं की टीम तैयार की गई है। यही नहीं एयरपोर्ट पर अतिथियों के स्वागत के लिए 18 लोगों की एक अलग टीम बनाई गई है। शहर के चौराहों पर सजावट की जवाबदारी 16 लोगों की टीम को दी गई है, लेकिन वे चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि निगम से जब तक परमिशन नहीं मिलती, वे चौराहे सजा नहीं सकते।वहीं कई कांग्रेसियों के दो-दो समितियों में नाम जोड़ दिए गए हैं।

तीन नंबर की बैठक में अश्विन-अभय नदारद, समर्थकों को पहुंचाया
भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर कल गांधी भवन में तीन नंबर विधानसभा की बैठक रखी गई थी। 3 नंबर के लिए अश्विन जोशी, पिंटू जोशी, अभय वर्मा, शैलेष गर्ग और अरविंद बागड़ी को यात्रा प्रभारी बनाया है। कल बैठक से अश्विन जोशी नदारद रहे। बताया गया कि उनका स्वास्थ्य खराब है। उनके समर्थक जरूर बैठक में रहे। इसी तरह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय वर्मा भी बैठक से गायब रहे। उनके बारे में बताया गया कि वे महू में राहुल की सभा की तैयारियों में लगे हुए हैं।

Share:

Next Post

भाजपा ने कांग्रेस की टक्कर में शुरू की जनजाति गौरव यात्रा

Thu Nov 24 , 2022
4 दिसम्बर को फिर इंदौर आएंगे सीएम, भंवरकुआ पर होगा कार्यक्रम इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 4 दिसम्बर को इंदौर आ रहे हैं। इस दिन क्रांतिकारी सूर्यनायक टंट्या मामा की पुण्यतिथि है। कल भाजपा की ओर से भी राहुल गांधी की यात्रा की टक्कर में जनजाति गौरव यात्रा शुरू की गई, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होने खंडवा […]