इंदौर न्यूज़ (Indore News)

टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर हुए जमावड़े में आज पेसा एक्ट के फायदे बताएंगे सीएम

  • पातालपानी के बाद दोपहर में आदिवासियों के बीच पहुंचेंगे

इन्दौर। टंट्या मामा का बलिदान दिवस आज इंदौर जिले में तीन स्थानों पर मनाया जाएगा। तीनों ही जगह मुख्यमंत्री पहुंचेंगे। आखिर में मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में होगा, जहां मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों से आए आदिवासियों को पेसा एक्ट के फायदे बताएंगे। मंच पर भाजपा के आदिवासी विधायकों सहित प्रदेश सरकार के स्थानीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। नेहरू स्टेडियम के आसपास आज सुबह से ही पास के जिलों से आने वाले आदिवासियों की चहल-पहल दिखाई देने लगी।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर 12 बजे पातालपानी पहुंचेंगे, जहां टंट्या मामा मंदिर में जाकर वे नमन करेंगे और एक छोटी-सी सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में महू तथा आसपास के लोग ही मौजूद रहेंगे। बाकी सभी आदिवासियों को बसों से सीधे इंदौर ही लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां से सीधे इंदौर आएंगे और यहां भंवरकुआं चौराहे पर लगी टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।


मुख्यमंत्री राज्यपाल मंगुभाई पटेल के साथ आज प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दोपहर 1 बजे वे भंवरकुआं पहुंचेंगे। यहां केवल प्रतिमा का अनावरण ही रखा गया है। इसके बाद नेहरू स्टेडियम में एक बड़ी सभा रखी गई है। यहां एक लाख से अधिक आदिवासी बंधुओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे पंडाल को आदिवासी महापुरुषों और प्रतिभाओं के फोटो से सजाया गया है। मंच पर भी टंट्या मामा का एक बड़ा कटआउट लगाया गया है। मंच पर स्थानीय मंत्रियों के साथ-साथ आदिवासी जिलों के विधायकों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। आयोजन में आदिवासी जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासियों को लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां पेसा एक्ट को लेकर आदिवासियों को संबोधित करेंगे। वे यह बताएंगे कि यह एक्ट आदिवासियों के लिए फायदे वाला है, लेकिन सामान्य वर्ग के नुकसान का नहीं।

Share:

Next Post

CM शिंदे ने किया दिव्यांग विभाग के गठन का एलान, ऐसा करने वाला पहला राज्य बना महाराष्ट्र

Sun Dec 4 , 2022
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने दिव्यांग लोगों के लिए नया विभाग बनाने की घोषणा की है। अंतरराष्ट्रीय विकलांग दिवस के अवसर पर शनिवार को मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में दिव्यांगों के कल्याण के लिए अलग से दिव्यांग विभाग का गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि […]