देश मध्‍यप्रदेश

कांग्रेस नेत्री और अरुण यादव की समर्थक छाया मोरे भाजपा में शामिल, कांग्रेस ने लगाए आरोप

खंडवा (Khandva) । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की पंधाना सीट से पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस (Congress) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण यादव (Arun Yadav) की खास समर्थक छाया मोरे (Chhaya More) ने रविवार को भाजपा (BJP) का दामन थाम लिया। छाया मोरे रविवार को भोपाल पहुंची और देर शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि कांग्रेस ने छाया मोरे को 2018 में पंधाना विधानसभा से पार्टी का उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। छाया के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा।

भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता यादव गुट के बताए जाते हैं। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पंधाना के अलावा मांधाता और भीकनगांव विधानसभा के नेता भी शामिल हैं। कांग्रेस का कहना है कि छाया मोरे के जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया की भाजपा कांग्रेस के नेताओं को प्रलोभन देकर या डरा कर पार्टी की सदस्यता दिला रही है।


जानकारों की मानें तो कांग्रेस से इस्तीफा देने के पीछे वजह छाया मोरे को नजरंदाज किया जाना बताया जाता है। छाया को धुरविरोधी रूपाली से चुनौती मिल रही थी। रूपाली ने 2018 में कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ा था। इसकी वजह से छाया मोरे को हार का सामना करना पड़ गया था। निर्दलीय लड़कर भी रूपाली ने 26 हजार वोट हासिल किए थे। रूपाली के पिता नंदू बारे भी कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हैं। नंदू बारे ने कांग्रेस के टिकट पर 2008 और 2013 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय ओझा ने कहा- किसी के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। कांग्रेस एक समुद्र है। दबाव में आने वाले लोग ही कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं। कांग्रेस के पास इससे अच्छे जमीनी स्तर के कार्यकर्ता मौजूद हैं। भाजपा को आने वाले समय में अपनी हार दिख रही है, इसलिए वह हमारे नेताओं को तोड़ने का प्रयास कर रही है।

खंडवा कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अजय ओझा ने कहा- छाया मोरे बहुत अच्छी नेता थीं। हमने प्रयास किया कि वह ऐसा निर्णय ना लें। परसों मेरी उनसे विस्तृत चर्चा हुई थी। मैंने उनसे कहा था कि पार्टी ने आपको बहुत कुछ दिया है। आपको एक बार टिकट दिया है। पीसीसी डेलीगेट बनाया है। पार्टी में आपकी बात सुनी जाती है। ऐसा लगता है कि वह दूसरों के प्रभाव में आ गई थीं। लोगों ने उन्हें मेंटली तैयार कर लिया था। वह सरल स्वभाव की हैं, जल्द लोगों की बातों में आ जाती हैं। निश्चित तौर से हम लोग पंधाना विधानसभा सीट जीत रहे हैं।

Share:

Next Post

पाकिस्तानी शख्स ने टॉर्चर कर की अमेरिकी पत्नी की हत्या, कब्रिस्तान में गुपचुप दफना रहा था शव, हुआ गिरफ्तार

Mon Aug 14 , 2023
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के लाहौर में पुलिस ने एक व्यक्ति को उसकी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पाकिस्तानी शख्स ने अपनी अमेरिकी मूल की पत्नी को इतना प्रताड़ित किया कि उसकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी शव को लाहौर के कब्रिस्तान में दफना रहा था, उसी दौरान […]