
जबलपुर। गोहलपुर स्थित गारमेंट एंड फैशन डिजाइन क्लस्टर मार्केट में पिछले 8 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पूरा क्लस्टर क्षेत्र गंभीर संकट से गुजर रहा है। बाजार में संचालित सैकड़ों गारमेंट इकाइयों का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है। सूचना पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्माे गोहलपुर स्थित गारमेंट एंड फैशन डिजाइन क्लस्टर मार्केट में पहुंचकर वहां के व्यापारियों, कर्मचारियों एवं प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सुना।
इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि गारमेंट क्लस्टर जबलपुर के व्यापार और रोजगार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कर्मचारी कार्य करते हैं। लगातार आठ दिनों से बिजली नहीं होने के कारण उत्पादन कार्य, मशीनों का संचालन, सिलाई-कटिंग, पैकिंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां बंद हैं। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं कर्मचारियों के सामने अपने परिवार का भरण-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी व्यापारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। आवश्यकता पडऩे पर बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा तथा सड़क पर उतरकर जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी। कार्यक्रम में प्रमोद पटेल, अनुज श्रीवास्तव, रितेश बंटी गुप्ता, रितेश नॉनटनी, विवेक यादव आदि उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved