बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

दिग्विजय सिंह ने की अमित शाह और RSS की तारीफ

भोपाल। कभी भाजपा और संघ पर हमला करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) अचानक गृहमंत्री अमित शाह और संघ (RSS) की तारीफ करते नजर आए।

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजधानी भोपाल में विधानसभा के मानसरोवर सभागार में आयोजित “नर्मदा परिक्रमा” पर लिखी एक किताब के विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर बोल रहे थे। करीब 410 पन्नों की किताब में राज्यसभा सदस्य दिग्विजय के अनुभवों के आधार पर यात्रा को संस्मरण के तौर पर प्रकाशित किया गया है।



कार्यक्रम में कांग्रेस से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, कांतिलाल भूरिया, पीसी शर्मा सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता उपस्थित थे।

 

बता दें कि दिग्विजय सिंह हमेशा भाजपा और संघ पर विवादित बयान देते रहते हैं, लेकिन अचानक दिग्विजय तारीफ करते नजर आए। दिग्विजय की यह बात सुनकर उपस्थित लोग भी हैरान रह गए कि दिग्विजय सिंह क्या कह रहे हैं। सार्वजनिक मंच से दिग्विजय सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह और संघ की खूब तारीफ की। इस दौरान दिग्विजय ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा के दौरान जब मैं गुजरात से महाराष्ट्र की सीमा में प्रवेश कर रहा था उस समय रात हो चुकी थी, लेकिन उस दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने हमारी गेस्ट हाऊस में व्यवस्था की। उन अधिकारियों ने बताया कि हमें केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी के निर्देश हैं कि दिग्विजय सिंह जी की नर्मदा परिक्रमा के दौरान हर प्रकार की व्यवस्था की जाए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अमित शाह से मेरी कभी मुलाकात नहीं हुई है, किन्तु मैंने अमित शाह को इसके लिए धन्यवाद पहुंचाया था।

 

इसी प्रकार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा के पड़ाव के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं की भी जमकर तारीफ की। हालांकि उन्होंने कहा कि संघ से मेरा विचारों का मेल नहीं है, लेकिन यात्रा पड़ाव के समय संघ के कार्यकर्ता मुझसे मिलने जरूर आते थे। दिग्विजय ने तारीफ करते हुए कहा कि संघ के कार्यकर्ता कर्मठ होते हैं, लेकिन उनकी देश को बांटने वाली बातों का मैं समर्थन नहीं करता इसलिए संघ से मेरा वैचारिक विरोध है।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ 3300 किलोमीटर लंबी नर्मदा परिक्रमा पदयात्रा की थी, जो 192 दिनों तक चली थी।

 

Share:

Next Post

Women's Day-Night Test: पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ा, मंधाना शतक की ओर

Fri Oct 1 , 2021
क्वींसलैंड। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां जारी एकमात्र पिंक गेंद टेस्ट के पहले दिन (first day of pink ball test) का अधिकतर खेल बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश के कारण पहले दिन केवल 44.1 ओवरों का ही खेल हो सका। पहले दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women’s cricket team) ने 1 विकेट पर 132 […]