भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

BJP के लिए दमोह न बन जाए जोबट

  • सुलोचना रावत की भाजपा में एंट्री का कड़ा विरोध
  • विशाल रावत को टिकट दिया तो भाजपा में बड़े स्तर पर हो सकते हैं इस्तीफे

भोपाल। प्रदेश में उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा एवं कांग्रेस (BJP & Congress) में माथापच्ची चल रही है। तीन दिन पहले जोबट में कांग्रेस के टिकट की दाबेदार सुलोचना रावत (Sulochana Rawat) एवं उनके बेटे विशाल रावत की भाजपा में एंट्री से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, लेकिन इसके बाद जोबट भाजपा में भी उबाल है। सुलोचना के विरोध में भाजपा के स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के विरोध में उतर आए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सुलोचना या विशाल में से किसी को भी टिकट दिया जो जोबट भाजपा में बड़ी संख्या में इस्तीफे हो सकते हैं। विरोध के चलते भाजपा नेतृत्व के माथे पर शिकन पडऩे लगी है। नेता मंथन करने में जुट गए हैं कि कहीं जोबट के परिणाम दमोह उपचुनाव की तरह न हो जाएं।



जोबट उपचुनाव के लिए कांग्रेस-बीजेपी ने अभी तक उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए हैं, लेकिन भाजपा से विशाल रावत का नाम तय माना जा रहा है। जिसका भाजपा में कड़ा विरोध हो रहा है। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे वरिष्ठ नेताओं के सामने जोबट विधानसभा में चंद्रशेखर आजाद नगर के मंडल अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा और अनुसूचित जनजाति के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह भाभर कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे, लेकिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने कहा- भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रही है। लगातार कई वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी ने दरकिनार कर कांग्रेस से आए व्यक्ति को टिकट दिए जाने का मन बनाया है। इसकी वजह से आज कई कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे पार्टी को सौंप दिए।

टिकट तय होते ही होंगे इस्तीफे
भाजपा में शामिल होने के बाद विशाल रावत का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे भाजपा से विधानसभा टिकट के साथ जीत के बाद मंत्री बनने का भी दावा कर रहे हैं। जोबट में विशाल रावत का यह ऑडियो जमकर वायरल हो रहा है। इसी ऑडियो को सुन-सुनकर भाजपा कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने नेताओं को देा टूक कहा है कि यदि सुलोचना रावत या विशाल रावत को टिकट दिया जो बड़े स्तर पर इस्तीफे होंगे।

मंथन में जुटी भाजपा
कार्यकर्ताओं के विरोध में बाद मप्र भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार टिकट तो विशाल रावत या सुलोचना केा ही मिलेगा। लेकिन इससे पहले पार्टी नाराज कार्यकर्ताओं को हर हाल में मनाने की कोशिश में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने कई नेताओं को जोबट में उतार दिया है।

दमोह में भी था पार्टी के फैसले का विरोध
दमोह में भाजपा ने कांग्रेस विधायक राहुल लोधी को विधायकी छुड़वाकर उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था, लेकिन दमोह में भाजपा को दलबदल का दांव उलटा पड़ गया। पूरी ताकत झोंकने के बाद भी भाजपा दमोह उपचुनाव में जीत नहीं पाई। दमोह में स्थानीय पार्टी नेता राहुल लोधी को भाजपा में शामिल कराने एवं उपचुनाव में प्रत्याशी बनाने से नाराज थे। कार्यकर्ताओं की नाराजगी का परिणाम रहा कि भाजपा को दमोह में हार का सामना करना पड़ा।

Share:

Next Post

किसानों की आमदनी दोगुनी करने में मदद करेगा 'साथी'

Tue Oct 5 , 2021
परियोजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य होगा भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) साथी (Sustainable Agriculture Through Holistic Integration) परियोजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य होगा। यह परियोजना के किसानों की आय को दोगुना करने में कारगार साबित होगी। साथ सरकार के लक्ष्य की पूर्ति करेगी। योजना को व्यवहारिक स्वरूप दिया जाए, […]