बड़ी खबर

राष्ट्र के गौरव और सम्मान को बढ़ा रहे ऊंचे-ऊंचे तिरंगे

नई दिल्ली। राष्ट्र के सम्मान (honor of the nation) के लिए देशवासियों खासकर युवा पीढ़ी में बढ़ रहा नया जोश-जज्बा और हौसला एक सशक्त और अखंड भारत (Strong and united India) के निर्माण लिए बहुत ही गौरव व सम्मान की बात है। यह और भी गर्व करने वाला पल है जब हम अपनी आजादी के 75वें वर्ष को मनाने जा रहे हैं और युवा पीढ़ी पूरी शिद्दत से इस पर्व को लेकर न केवल अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही है वरन इसके आयोजन को लेकर भी तरह-तरह के कार्यक्रम तैयार कर रही है। ऐसे में हम अपने राष्ट्रीय गौरव तिरंगा को सम्मान देने और राष्ट्रगान को गाकर भारतीय शान को नई ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं।

आज हम आपको देश के विभिन्न राज्यों और हिस्सों में भारतीय आन-बान-शान और गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को ऊंचा से ऊंचा फहराने के जज्बे और हौसला के साथ ही इनके रंगों का भी उल्लेख करने के साथ उनके सार की भी चर्चा करेंगे।


सबसे पहले हम आपको राष्ट्रीय ध्वज के रंगों की महत्ता के बारे में बताएंगे कि इन रंगों को राष्ट्रीय ध्वज में क्यों रखा गया? इसके सबसे ऊपरी हिस्से का रंग केसरिया होता है जो बलिदान का प्रतीक माना जाता है, जबकि सफेद रंग राष्ट्र की शांति, शुद्धता और ईमानदारी का प्रतीक होता है, जबकि हरा रंग विश्वास, ऊर्वरता, खुशहाली, समृद्धि और प्रगति को दर्शाता है। इसके बीच में स्थिति अशोक चक्र की 24 तीलियां 24 गुणों को दर्शाती हैं। यह हिन्दू धर्म के 24 धर्म ऋषियों को भी दर्शाती है। यह सब हमारी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और एकता को भी व्यक्त करता है।

रांची की पहाड़ी में 293 फुट ऊंचा और बड़ा तिरंगा

तत्कालीन रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने 24 जनवरी 2016 को रांची के पहाड़ी मंदिर पर सबसे ऊंचा और सबसे बड़ा तिरंगा फहराया था। यह तिरंगा 66 फुट लंबा, 99 फुट चौड़ा है और इसे 293 फुट ऊंचे खंभे पर फहराया गया है।

तेलंगाना में भी लहराता है ऊंचा तिरंगा
दक्षिण में आंध्र प्रदेश से अलग होने के बाद नये राज्य तेलंगाना ने अपनी दूसरी सालगिरह के मौके पर 92.35 मीटर ऊंचा (303 फुट) राष्ट्र ध्वज फहराया। यह तिरंगा हैदराबाद की हुसैन सागर तालाब के पास संजीवया पार्क में फहराया गया है।

हरियाणा के फरीदाबाद में 250 फुट ऊंचा झंडा
फरीदाबाद के टाउन पार्क में 250 फुट ऊंचा झंडा फहराया गया था। इसका वजन 48 किलोग्राम है। यह कनाट प्लेस के ध्वज से 17 किलो ज्यादा वजनदार है। यह झंडा लिमका बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज है।

लखनऊ में लहरा रहा 270 फुट ऊंचा झंडा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 22 नवम्बर को 270 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया गया। यह झंडा जनेश्वर मिश्र पार्क में लगाया गया है। यह पालीएस्टर फ्रैब्रिक से तैयार किया गया है। यह झंडा 194 गुणा 129.33 फुट है। इसका वजन 209 किलोग्राम है। यह झंडा इतना बड़ा है कि इसका नाम लिम्का बुक आफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

इसके अलावा प्रदेश के वाराणसी स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह स्टेशन पर भी 100 फुट ऊंचा ध्वज फहराया गया है जो रोजाना हजारों की संख्या में आवागमन करने वाले यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

मध्यप्रदेश की राजधानी में है 235 फुट ऊंचा तिरंगा
मध्यप्रदेश मंत्रालय के सामने सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में 90 फुट लंबा, 60 फुट चौड़ा और 235 फुट ऊंचा तिरंगा है। यह 27 मई 2015 को फहराया गया था। इसके अलावा राज्य के कटनी शहर में इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऑक्सीजन टैंक माधवनगर स्थित जागृति पार्क में 100 फुट ऊंचा तिरंगा आन बान और शान के साथ लहराएगा। इसमें दो पोल लगाए हैं। इसमें एक लाइटिंग की गई है जो शाम को रोशन होगी।

रायपुर में लहरा रहा सबसे बड़े आकार का राष्ट्रीय ध्वज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सबसे बड़े आकार का तिरंगा 30 अप्रैल को फहराया गया था। यह 105 फुट लंबा और 70 फुट चौड़ा झंडा है। इसे तेलीबांधा इलाके में फहराया गया है। इसकी ऊंचाई 269 फुट है।

दिल्ली के कनाट प्लेस में लगा है 207 फुट ऊचा झंडा
देश के दिल यानी राजधानी दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में बहुत बड़ा तिरंगा फहराया गया है। यह तिरंगा 60 फुट चौड़ा और 90 फुट लंबा है। तिरंगे की ऊंचाई 207 फुट है।

अटारी बॉर्डर पर लहराएगा सबसे ऊंचा तिरंगा
पंजाब में अटारी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देश का सबसे ऊंचा तिरंगा लहराएगा, जो पाकिस्तान के लाहौर से भी नजर आएगा। इसको बनाने की तैयारी दिसम्बर अंत में शुरू हो गई थी।

देश में फहरा रहे ऊंचे तिरंगे एक नजर में-

1. तेलंगाना 303 फुट

2. रांची – 293 फुट

3. लखनऊ- 270 फुट

4. रायपुर – 269 फुट

5. फरीदाबाद– 250 फुट

6. भोपाल- 235 फुट

7. कनाट प्लेस दिल्ली- 207 फुट (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

रविवार का राशिफल

Sun Aug 15 , 2021
  रविवार का राशिफल युगाब्ध-5123, विक्रम संवत 2078, राष्ट्रीय शक संवत-1943 सूर्योदय 05.50, सूर्यास्त 06.40, ऋतु – वर्षा श्रावण शुक्ल पक्ष सप्तमी, रविवार, 15 अगस्त 2021 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल। […]